रक्षाबंधन पर साथ आए तेजस्वी-तेजप्रताप, बहनों ने बांधी राखी; नीतीश ने पेड़ को बांधा रक्षा सूत्र

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : रक्षाबंधन के मौके पर बिहार की राजनीति में शुक्रवार को दो अलग-अलग तस्वीरें चर्चा में रहीं। एक ओर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के दोनों बेटे तेजस्वी यादव और तेजप्रताप यादव लंबे समय बाद बहनों के साथ नजर आए। वहीं, मुख्यमंत्री रह चुके जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने रक्षाबंधन और बिहार वृक्ष सुरक्षा दिवस के अवसर पर पेड़ को राखी बांधकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

बहन मीसा भारती के आवास पर साथ दिखे दोनों भाई
बता दें कि नई दिल्ली में बड़ी बहन मीसा भारती के सरकारी आवास पर रक्षाबंधन का पारिवारिक माहौल देखने को मिला। यहां राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेजप्रताप यादव ने अपनी बहनों से राखी बंधवाई। इस दौरान परिवार की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी साझा की गईं। तस्वीरों में सिंगापुर में रह रहीं रोहिणी आचार्य को छोड़कर परिवार की छह बहनें—मीसा भारती, चंदा, रागिनी, हेमा, अनुष्का और राजलक्ष्मी—दोनों भाइयों के साथ नजर आईं। ग्रुप फोटो में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी भी मौजूद रहीं।
तेजप्रताप ने शेयर की भावुक तस्वीर
रक्षाबंधन के इस पारिवारिक मिलन की तस्वीर साझा करते हुए तेजप्रताप यादव ने भाई-बहन के रिश्ते को लेकर भावुक संदेश लिखा। उन्होंने कहा कि समय बदल जाता है और हम बड़े हो जाते हैं, लेकिन भाई-बहन का प्यार और बचपन की यादें हमेशा दिल में जीवित रहती हैं। तेजप्रताप और तेजस्वी के एक साथ नजर आने की यह तस्वीर इसलिए भी खास मानी जा रही है, क्योंकि पिछले कुछ समय से दोनों भाइयों के बीच राजनीतिक और पारिवारिक मतभेदों की चर्चा होती रही है। ऐसे में रक्षाबंधन के मौके पर दोनों का साथ आना सुर्खियों में रहा।
नीतीश कुमार ने पेड़ को बांधी राखी
दूसरी ओर, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रक्षाबंधन के साथ बिहार वृक्ष सुरक्षा दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने पेड़ को रक्षा सूत्र बांधकर उसकी सुरक्षा और संरक्षण का संकल्प दोहराया। नीतीश कुमार ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं। पेड़ को राखी बांधने के जरिए उन्होंने पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और वृक्षों की रक्षा का संदेश दिया।

Share This Article