बिहार विधानसभा में विश्वासमत से पहले सियासी घमासान, तेजस्वी यादव का सम्राट चौधरी पर तंज-अपनी पगड़ी संभालकर रखिएगा

Politics heats up ahead of Assembly elections, new image of power entangled in rhetoric

Rashmi Tiwari

बिहार की राजनीति में आज बड़ा दिन है। सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार शुक्रवार को बिहार विधानसभा में विश्वासमत हासिल करने जा रही है। इससे पहले सदन के अंदर और बाहर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अगर पहले से ही तय था कि भाजपा का मुख्यमंत्री होगा, तो एक दिन के विशेष सत्र की जरूरत ही नहीं थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “इलेक्टेड मुख्यमंत्री को हटाकर सिलेक्टेड मुख्यमंत्री बैठाया गया है।” तेजस्वी ने जदयू के पुराने नारे “25 से 30, फिर से नीतीश” पर भी कटाक्ष किया और कहा कि यह पहले से साफ था कि ऐसा नहीं होने वाला। उनका आरोप था कि इस पूरी प्रक्रिया में नीतीश कुमार को किनारे कर दिया गया।
दिल से धन्यवाद” वाला तंज
तेजस्वी यादव ने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि वे सम्राट चौधरी को “दिल से धन्यवाद” देना चाहते हैं क्योंकि उन्होंने अपना संकल्प पूरा किया। साथ ही उन्होंने कहा कि “आप लालू जी की पाठशाला से हैं, इससे अच्छी बात क्या हो सकती है।” वहीं उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि सम्राट चौधरी अपनी “पगड़ी संभालकर रखें”, क्योंकि विजय सिन्हा की नजर उनकी कुर्सी पर हो सकती है। हम लोग तो महोदय एकदम संतुष्ट हैं, सम्राट लालू पाठशाला से, विजय चौधरी कांग्रेस से तो बिजेंद्र जनता दल से हैं।
कई आरएसएस और भाजपा के लोग संतुष्ट नहीं हैं
इतना ही नहीं तेजस्वी ने कहा- कई आरएसएस और भाजपा के लोग संतुष्ट नहीं हैं। चाहें अध्यक्ष महोदय आप हों, नंद किशोर हों गिरिराज सिंह हों या विजय सिन्हा हों, इन्होंने मुख्यमंत्री होने का मोह त्याग दिया। तेजस्वी यादव ने ड‍िग्री पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सम्राट चौधरी ने ओथ लिया, भले ही शपथ में 3-4 शब्द गड़बड़ा गए़। टंग ऑफ स्लिप होता रहता है। उन्होंने कहा कि चर्चा पूरे देश में यह हुई कि बिहार के मुख्यमंत्री का ओरिजनल एज क्या है, ओरिजिनल डिग्री क्या है, कौन सा एफिडेविट मानेंगे?
सरकार पर बड़े सवाल
तेजस्वी यादव ने राज्य की आर्थिक स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा नीति आयोग की रिपोर्ट में बिहार सबसे गरीब राज्यों में शामिल है। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में राज्य पिछड़ा हुआ है। राज्य पर करीब 4 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है। हाल में हजारों करोड़ का अतिरिक्त लोन लिया गया। उन्होंने यह भी पूछा कि जब खजाना खाली है तो विकास कार्य कैसे होंगे। वहीं तेजस्वी ने कहा कि अब उन पर परिवारवाद का आरोप नहीं लगाया जा सकता, क्योंकि सम्राट चौधरी के माता-पिता भी राजनीति में रहे हैं।
बुरा मत मानिएगा हम तो आपके विरोधी हैं
नेता प्रतिपक्ष ने कहा- काम कैसे होगा, ये हम जानना चाहते हैं। बुरा मत मानिएगा हम तो आपके विरोधी हैं ही। पहले नहीं थे, लेकिन अब हैं। रास्ता आपने चुना महोदय। तो बोलना तो पड़ेगा ही। तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि विपक्ष बिहार को शीर्ष राज्यों में लाने के लिए सरकार का सहयोग करेगा। वहीं महिला आरक्षण बिल का जिक्र करते हुए तेजस्वी ने ओबीसी वर्ग के लिए अलग आरक्षण की मांग दोहराई और कहा कि इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने आगे कहा आप सम्राट चौधरी हैं, आप आगे-आगे चल‍िए, हम पीछे-पीछे आते हैं …

Share This Article