भीषण गर्मी में बिजली गुल, नूरनगंज के लोग पानी और बिजली दोनों से परेशान

मरम्मत कार्य के बीच लगातार बाधित बिजली आपूर्ति से नूरनगंज के लोग भीषण गर्मी, अंधेरे और पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं।

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क, सासाराम: रोहतास जिले के सासाराम शहर के नूरनगंज मोहल्ले में पिछले तीन दिनों से जारी बिजली संकट ने स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। भीषण गर्मी और उमस के बीच इलाके में बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोगों को पेयजल संकट, अंधेरे और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है, जबकि विभाग का कहना है कि मरम्मत कार्य तेजी से चल रहा है और जल्द आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।


मरम्मत कार्य के कारण लगातार बाधित रही बिजली
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले तीन दिनों से बिजली विभाग इलाके में केबल और तार बदलने का कार्य कर रहा है। इस दौरान दिनभर बिजली आपूर्ति बाधित रही। लोगों का आरोप है कि रात में कुछ समय के लिए बिजली बहाल भी की जाती है, लेकिन थोड़ी ही देर बाद सप्लाई फिर बंद हो जाती है, जिससे पूरी रात अंधेरे में बितानी पड़ रही है।
केबल में आग लगने से बढ़ी चिंता
स्थानीय लोगों का कहना है कि मरम्मत के बाद जैसे ही बिजली आपूर्ति शुरू होती है, अत्यधिक लोड के कारण केबल में आग लग जाती है। इससे आसपास के घरों में आग लगने का खतरा भी बना रहता है। उनका आरोप है कि रात के समय शिकायत करने पर विभाग के अधिकारी फोन नहीं उठाते और न ही तत्काल कोई कर्मी मौके पर पहुंचता है।
पेयजल संकट और बढ़ा आक्रोश
बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण इलाके में पेयजल की समस्या भी गंभीर हो गई है। कूलर, पंखे और मोटर बंद रहने से महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और विद्यार्थियों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या के समाधान की मांग को लेकर कई बार सड़क जाम और बिजली विभाग कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन भी किया जा चुका है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा
बिजली विभाग ने क्या कहा?
मामले में विद्युत कार्यपालक अभियंता इं. ब्रवीम ने बताया कि नूरनगंज में बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए विभाग की टीम लगातार काम कर रही है। उनके अनुसार, मंगलवार को मरम्मत कार्य अधूरा रहने के कारण रात में केबल जलने की समस्या उत्पन्न हुई थी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बुधवार शाम तक सभी तकनीकी खामियों को दूर कर पूरे इलाके में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article