सूत्रों के हवाले से, रामा सिंह की आरजेडी में इंट्री पर रोक, तेजस्वी ने पलटा फैसला

Sanjeev Shrivastava


पटना: राजधानी पटना से राजनीति से जुडी अहम खबर आ रही है। सूत्रों की माने तो बाहुबली नेता रामा किशोर सिंह उर्फ रामा सिंह की आरजेडी में इंट्री पर रोक लग गयी है। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह की नाराजगी को देखते हुए तेजस्वी यादव ने अपना फैसला बदल लिया है। पिछले सप्ताह रामा सिंह के आरजेडी में शामिल होने की खबर आने के बाद रघुवंश प्रसाद ने आरजेडी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। रामा सिंह ने रघुवंश प्रसाद को 2014 के लोकसभा चुनाव में हराया था, जिसके बाद से दोनों नेताओं के बीच तल्ख रिश्ते हैं।

सूत्रों की माने तो रघुवंश प्रसाद जैसे अनुभवी नेता की नाराजगी को देखते हुए तेजस्वी यादव ने आनन-फानन में अपना फैसला बदल दिया और रामा सिंह को पार्टी में लेने से मना कर दिया है। हालांकि रामा सिंह ने कहा है कि आरजेडी की ओर से जब भी बुलावा आयेगा, मैं पार्टी ज्वाइन कर लूंगा।

सूत्रों का कहना है कि आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने बेटे तेजस्वी से कहा है कि विधानसभा चुनाव से ठीक पहले रघुवंश प्रसाद जैसे नेता की नाराजगी ठीक नहीं है। इसके बाद तेजस्वी यादव ने अपने फैसले को बदल लिया है। लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपी) छोड़ कर आरजेडी में शामिल होने को तैयार रामा सिंह सोमवार को पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले थे। हालांकि, आनन-फानन में कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है।

Share This Article