रामविलास पासवान की जयंती को राजकीय समारोह का दर्जा, LJP (R) ने जताया आभार

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:पटना। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष सुरेन्द्र विवेक ने पार्टी के संस्थापक, पद्म भूषण से सम्मानित स्वर्गीय रामविलास पासवान की जयंती 5 जुलाई को राजकीय समारोह के रूप में मनाने की घोषणा का स्वागत करते हुए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति पार्टी की ओर से आभार व्यक्त किया।

प्रदेश अध्यक्ष सुरेन्द्र विवेक ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि स्वर्गीय रामविलास पासवान जी का संपूर्ण जीवन गरीबों, दलितों, शोषितों, वंचितों और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के अधिकार एवं सम्मान की लड़ाई के लिए समर्पित रहा। उन्होंने हमेशा सामाजिक न्याय, समानता और जनसेवा को अपने राजनीतिक जीवन का मूल आधार बनाया। उनकी राजनीति का केंद्र सदैव गरीब और वंचित समाज रहा।

उन्होंने कहा कि 5 जुलाई को स्वर्गीय रामविलास पासवान की जयंती राजकीय समारोह के रूप में मनाने की घोषणा उनके ऐतिहासिक योगदान और सामाजिक न्याय के प्रति उनके समर्पण को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके लिए लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करती है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि रामविलास पासवान केवल एक राजनीतिक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि करोड़ों गरीबों, वंचितों और शोषितों की आशा एवं विश्वास के प्रतीक थे। उन्होंने जीवनभर उन वर्गों की आवाज बुलंद की, जिन्हें समाज में समान अधिकार और सम्मान दिलाने की आवश्यकता थी। उनके विचार और संघर्ष आज भी सामाजिक न्याय एवं समावेशी विकास की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि बिहार की जनता, विशेषकर गरीब, दलित, वंचित, शोषित और उपेक्षित वर्गों की ओर से प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। यह निर्णय स्वर्गीय रामविलास पासवान के करोड़ों समर्थकों और उनके विचारों में विश्वास रखने वाले लोगों की भावनाओं का सम्मान है। उनकी जयंती राजकीय समारोह के रूप में मनाए जाने से नई पीढ़ी को उनके संघर्ष, विचारों और राष्ट्र एवं समाज के प्रति योगदान को जानने का अवसर मिलेगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) स्वर्गीय रामविलास पासवान के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा गरीबों, वंचितों और शोषितों के अधिकारों एवं सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।

Share This Article