चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, जानें कब खुलेंगे कपाट और कैसे करें आवेदन

Neha Nanhe

NEWS PR डेस्क : उत्तराखंड की पवित्र चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियां अब तेज हो गई हैं। हर साल लाखों श्रद्धालु जिस यात्रा का इंतजार करते हैं, उसका शुभारंभ अब होने जा रहा है। सरकार ने शुक्रवार सुबह 7 बजे से चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जो श्रद्धालु इस वर्ष केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के दर्शन की योजना बना रहे हैं, उनके लिए पहले से रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी होगा। प्रशासन का कहना है कि इससे यात्रा के दौरान भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर ढंग से की जा सकेगी।

सरकार द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक इस साल यात्रा अप्रैल के तीसरे सप्ताह से शुरू होगी।
सबसे पहले 19 अप्रैल 2026 को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके बाद 22 अप्रैल 2026 को केदारनाथ मंदिर के कपाट खुलेंगे, जबकि 23 अप्रैल 2026 को बदरीनाथ धाम में भी श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। कपाट खुलने के साथ ही हिमालय की गोद में बसे इन पवित्र धामों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।

ऑनलाइन और ऐप के जरिए रजिस्ट्रेशन

चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालु registrationandtouristcare.uk.gov.in वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। इसके अलावा मोबाइल उपयोग करने वाले यात्री “Tourist Care Uttarakhand” ऐप डाउनलोड करके भी आसानी से अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।

राज्य सरकार ने इस बार डिजिटल व्यवस्था को और मजबूत किया है ताकि यात्रियों को लंबी लाइनों में खड़े होने की जरूरत न पड़े। रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद यात्रियों को यात्रा रजिस्ट्रेशन कार्ड जारी किया जाएगा, जिसे यात्रा के दौरान अपने साथ रखना अनिवार्य होगा।

ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी

जो लोग ऑनलाइन प्रक्रिया का उपयोग नहीं कर सकते, उनके लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था भी की गई है। 17 अप्रैल से ऋषिकेश, हरिद्वार और देहरादून में पंजीकरण काउंटर खोले जाएंगे। यहां श्रद्धालु जरूरी दस्तावेजों के साथ पहुंचकर अपना पंजीकरण करा सकेंगे।

यात्रियों की सहायता के लिए पर्यटन विभाग ने 0135-1364 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है, जहां यात्रा से जुड़ी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

कैसे करें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन

चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया सरल है और इसे कुछ चरणों में पूरा किया जा सकता है।

सबसे पहले वेबसाइट पर जाकर Register/Login विकल्प चुनकर नाम, मोबाइल नंबर और ई-मेल से अकाउंट बनाना होगा।

इसके बाद लॉगिन करके Create/Manage Tour विकल्प में यात्रा की योजना बनानी होगी।

फिर जिन धामों में दर्शन करना है और यात्रा की तारीख चुननी होगी।

इसके बाद यात्री को अपनी व्यक्तिगत जानकारी और पहचान पत्र की कॉपी अपलोड करनी होगी।

अंत में सभी जानकारी की पुष्टि करके फॉर्म सबमिट करना होगा।

रजिस्ट्रेशन पूरा होने पर यात्रियों को कंफर्मेशन मैसेज के साथ यात्रा कार्ड मिल जाएगा।

यात्रियों की संख्या सीमित करने पर विवाद

इस बार उत्तराखंड सरकार ने यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या सीमित रखने का फैसला किया है। सरकार का कहना है कि हिमालयी क्षेत्र की संवेदनशीलता, पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।

हालांकि इस फैसले का कुछ स्थानीय व्यापारियों ने विरोध भी किया है। चारधाम होटल एसोसिएशन का कहना है कि यात्रियों की संख्या कम होने से स्थानीय व्यापार और पर्यटन उद्योग को नुकसान हो सकता है। एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश मेहता ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने इस फैसले पर पुनर्विचार नहीं किया तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।

फिलहाल पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और प्रशासन को उम्मीद है कि बेहतर प्रबंधन और तकनीकी व्यवस्था के साथ इस साल की चारधाम यात्रा पहले से अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित होगी। अब देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु हिमालय की पवित्र घाटियों में बसे इन चार धामों के दर्शन की तैयारी में जुट गए हैं।

Share This Article