पटना में एलपीजी आपूर्ति को लेकर समीक्षा बैठक, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई का निर्देश

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना। जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इस संबंध में जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में सभी पुलिस अधीक्षकों, अनुमंडल पदाधिकारियों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचलाधिकारियों और थानाध्यक्षों ने भाग लिया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी या अधिक कीमत पर बिक्री की शिकायत मिलने पर तुरंत प्राथमिकी दर्ज की जाए और दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और सभी गैस एजेंसियों तथा कंपनियों के पास पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराहट में गैस की अनावश्यक बुकिंग न करें। एलपीजी की पारदर्शी और सुचारू आपूर्ति बनाए रखने के लिए पूरा प्रशासनिक तंत्र लगातार निगरानी कर रहा है।

उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से हेल्पलाइन नंबर 0612-2219810 भी जारी किया गया है। किसी भी प्रकार की शिकायत या समस्या होने पर लोग इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

Share This Article