साहित्य अकादमी 2025: कविता, उपन्यास, लघुकथा सहित विभिन्न विधाओं में चयन, 31 मार्च को नई दिल्ली में होगा सम्मान समारोह

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: केंद्र सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत साहित्य अकादमी ने वर्ष 2025 के लिए प्रतिष्ठित साहित्य अकादमी पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। इस वर्ष देश की 24 मान्यता प्राप्त भाषाओं में उत्कृष्ट रचनाओं को सम्मानित किया जाएगा।

पत्र सूचना कार्यालय (PIB) द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस बार कुल 8 काव्य संग्रह, 4 उपन्यास, 6 लघु कथा संग्रह, 2 निबंध, 1 साहित्यिक आलोचना, 1 आत्मकथा और 2 संस्मरण को पुरस्कार के लिए चुना गया है।

हिंदी भाषा में प्रसिद्ध लेखिका ममता कालिया की कृति “जीते जी इलाहाबाद” (संस्मरण) को पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है, जबकि मैथिली में “धात्री पात सन गाम” को सम्मान मिलेगा।

अंग्रेजी में नवतेज सरना की “क्रिमसन स्प्रिंग” (उपन्यास), मलयालम में एन. प्रभाकरन की “मायामानुष्यर” तथा बंगाली, गुजराती, उर्दू, संस्कृत और अन्य भाषाओं की कई महत्वपूर्ण कृतियों को भी इस वर्ष पुरस्कार सूची में शामिल किया गया है।

साहित्य अकादमी हर वर्ष एक निर्धारित प्रक्रिया के तहत इन पुरस्कारों का चयन करती है, जिसकी शुरुआत जनवरी 2025 में खुले विज्ञापन के साथ हुई थी। इसके बाद विभिन्न भाषाओं के विशेषज्ञ निर्णायक मंडलों द्वारा अनुशंसित नामों को अंतिम स्वीकृति दी गई।

प्रत्येक पुरस्कार विजेता को तांबे की पट्टिका, शॉल और एक लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। सम्मान समारोह का आयोजन 31 मार्च 2026 को नई दिल्ली में किया जाएगा।

साहित्य अकादमी पुरस्कार देश के सबसे प्रतिष्ठित साहित्यिक सम्मानों में से एक माना जाता है, जो भारतीय भाषाओं की समृद्ध परंपरा और रचनात्मकता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाता है।

Share This Article