समृद्धि यात्रा: भागलपुर में जन संवाद के जरिए CM नीतीश ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, रखी भविष्य की रूपरेखा

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के तहत भागलपुर जिले के जगदीशपुर प्रखंड स्थित बैजानी पंचायत में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में शिरकत कर राज्य सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का विस्तृत खाका पेश किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 के बाद से बिहार में कानून का राज स्थापित हुआ है और राज्य लगातार विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पूर्व की स्थिति और वर्तमान बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले जहां लोग शाम के बाद घर से निकलने से डरते थे, वहीं अब राज्य में शांति और भाईचारे का माहौल है। उन्होंने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और बिजली जैसे बुनियादी क्षेत्रों में व्यापक सुधार किए गए हैं।

शिक्षा के क्षेत्र में सुधार को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़ी संख्या में शिक्षकों की बहाली की गई है और अब सरकारी शिक्षकों की संख्या 5 लाख से अधिक हो चुकी है। वहीं स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि पहले जहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों की संख्या बेहद कम थी, अब हर महीने हजारों मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। मेडिकल कॉलेजों की संख्या भी दोगुनी की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने सात निश्चय और सात निश्चय-2 योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के तहत बिजली, नल जल, सड़क, शौचालय, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के रोजगार जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम हुआ है। उन्होंने बताया कि अब तक 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और 40 लाख लोगों को रोजगार दिया जा चुका है।

उन्होंने आगे कहा कि अगले पांच वर्षों में सात निश्चय-3 के तहत 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए नए उद्योग, कौशल विकास और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण को लेकर भी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई और बताया कि स्वयं सहायता समूहों के जरिए लाखों महिलाएं आत्मनिर्भर बनी हैं। वहीं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत पेंशन राशि बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी गई है, जिससे करोड़ों लोगों को लाभ मिल रहा है।

भागलपुर जिले के विकास पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां सड़क, पुल, मेडिकल कॉलेज, कृषि विश्वविद्यालय और अन्य आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिले में कैंसर संस्थान, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, एयरपोर्ट और औद्योगिक क्षेत्र जैसी परियोजनाओं पर काम चल रहा है।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार चौधरी और डॉ. दिलीप जायसवाल समेत कई जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से बिहार आने वाले वर्षों में देश के विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।

Share This Article