NEWS PR डेस्क: पटना/मुंगेर/लखीसराय: बिहार में विकास परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से चल रही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ लगातार आगे बढ़ रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को मुख्यमंत्री मुंगेर और लखीसराय जिलों का दौरा करेंगे, जहां वे करीब 445 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।
मुंगेर में मुख्यमंत्री 32 करोड़ रुपये की लागत से 26 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे, जबकि 87 करोड़ रुपये की लागत से 52 योजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा। इसके बाद वे लखीसराय पहुंचेंगे, जहां 208 करोड़ रुपये की 144 योजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी और 118 करोड़ रुपये की 117 योजनाओं का उद्घाटन होगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा, मंत्री विजय चौधरी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री दोनों जिलों में अधिकारियों के साथ विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक भी करेंगे, जिसमें प्रगति और क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया जाएगा।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने बुधवार को जमुई और नवादा जिलों का दौरा किया था, जहां उन्होंने सैकड़ों करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर विकास कार्यों को नई गति दी। जमुई में 914 करोड़ रुपये की 370 योजनाओं और नवादा में 299 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी गई थी।
लगातार जिलों के दौरे और जमीनी स्तर पर समीक्षा के जरिए मुख्यमंत्री का फोकस विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आम जनता तक उसका लाभ पहुंचाने पर है। ‘समृद्धि यात्रा’ को सरकार विकास और जवाबदेही के मॉडल के रूप में प्रस्तुत कर रही है, जिससे प्रशासनिक सक्रियता और योजनाओं की गति दोनों को मजबूती मिल रही है।