सासाराम लूटकांड का खुलासा, सात लाख के सोने के साथ पांच आरोपी गिरफ्तार

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: सासाराम, 31 मई। रोहतास पुलिस ने धौधाड़ थाना क्षेत्र में हुए चर्चित लूटकांड का सफल उद्भेदन करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 45 ग्राम शुद्ध सोना बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग सात लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, 20 मई को एनएच-19 स्थित धनकढ़ा रोड क्रॉसिंग के समीप बाइक सवार तीन अपराधियों ने हथियार के बल पर एक व्यक्ति से सोने की चेन लूट ली थी। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सदर डीएसपी-1 विप्लव कुमार ने बताया कि जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस संदिग्धों तक पहुंची और सासाराम नगर थाना क्षेत्र के डिलियां गांव निवासी रामेश्वर उर्फ भूलन को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में रामेश्वर ने लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अपने अन्य साथियों के नाम भी बताए। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र के बांक गांव से सुदर्शन कुमार, डेहरी चौक से रवि कुमार उर्फ छोटू, डेहरी पाली रोड से नंद कुमार सोनी तथा डेहरी बाबूगंज मोड़ से नितिन कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया लगभग 45 ग्राम सोना बरामद किया है। डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी पूर्व में भी लूट और छिनतई की कई घटनाओं में शामिल रहे हैं। गिरोह लूटे गए सोने को गलाकर बेचने का काम करता था।

पुलिस के अनुसार, मामले में दो अन्य अपराधियों की भूमिका भी सामने आई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।

Share This Article