NEWS PR डेस्क: पटना, 26 अप्रैल। बिहार में लगातार बढ़ती गर्मी और तेज धूप को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है। पटना के जिलाधिकारी ने आदेश जारी करते हुए सभी सरकारी और निजी स्कूलों के समय में अस्थायी बदलाव किया है।
नए निर्देश के अनुसार, अब शहर के सभी स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और प्री-स्कूल सुबह 11:30 बजे तक ही संचालित किए जाएंगे। यह फैसला बच्चों को भीषण गर्मी और लू से बचाने के उद्देश्य से लिया गया है, क्योंकि दोपहर के समय तापमान खतरनाक स्तर तक पहुंच रहा है।

प्रशासन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि दोपहर की तेज धूप बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत कक्षा 8 तक की सभी शैक्षणिक गतिविधियों को निर्धारित समय के बाद रोकने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी स्कूल प्रबंधन इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। यह व्यवस्था 27 अप्रैल से लागू होकर 30 अप्रैल तक प्रभावी रहेगी।