CCTV फुटेज से खुला राज, चालक ने ही फ्लैट से चुराए थे 50 लाख के गहने और 7 लाख कैश, चालक और उसकी पत्नी गिरफ्तार

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। पटना गैस एजेेंसी संचालक अनुज कुमार के बहादुरपुर आरओबी के पास स्थित कुसुम इंफिनिटी अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 1201 से करीब 50 लाख के साेने-हीरे के गहने, 7 लाख कैश, लाइसेंसी पिस्टल, मैग्जीन और कारतूस की चाेरी करने वाला उनका ही चालक संजय कुमार निकला। संजय की पत्नी ज्याेति कुमारी ने चाेरी का सामान छिपाने में मदद की।

घटना के सम्बन्ध में बताया जा रहा है की व्यवसाई अनुज कुमार अपनी पत्नी के साथ 5 जुलाई को तिरुपति की यात्रा पर गए थे। घर में उनका पुत्र आदित्य राज अकेले था। जो काम के सिलसिले में सुबह निकल जाता था। तिरुपति से आने के बाद जब अनुज की पत्नी ने अलमारी देखा तो उनकी हीरे और सोने के करीब 50 लाख का कीमती जेवरात, करीब 6-7 लाख रूपये नगद और मैगजीन के साथ लाइसेंसी पिस्टल गायब थे। इस घटना की सूचना उन्होंने पत्रकार नगर थाना की पुलिस को दिया है। जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने पाया कि कोई व्यक्ति साड़ी को रस्सी बना कर फ्लैट में घुसा था और इस घटना को अंजाम दिया था।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला ताे हुलिए से चालक संजय की पहचान हुई। उसके बाद पुलिस ने आलमगंज थाने के महाराजगंज कुर्मी टोला में स्थित गोपाल प्रसाद के मकान के किराए के फ्लैट में रहने वाले चालक संजय और उसकी पत्नी ज्याेति कुमारी काे गिरफ्तार करने के साथ ही 50 लाख के गहने और 5.61 लाख कैश बरामद कर लिया। हथियार, गाेली व मैग्जीन बरामद नहीं हुई। इसे बेच दिया गया। शेष रकम भी चालक और उसकी पत्नी ने खर्च कर दी। संजय पिछले सात साल से अनुज का चालक है।

चाेरी करने के लिए संजय उजले रंग की शर्ट, ब्लैक पैंट व मास्क पहनकर गया था। चाेरी करने के बाद उसने इस कपड़े काे वहीं उतार दिया और बैग में रख लिया। अनुज के बेटे आदित्य की टी-शर्ट, फुल पैंट, जूता, दूसरा मास्क और सिर में रुमाल बांधा और चाेरी का सामान बैग में रखकर पैदल बाइपास की ओर निकल गया।घर में ही उसने जमीन के अंदर गहने काे दबाकर रखा था, उसे भी निकाला गया। उसकी पत्नी सब कुछ जानती थी। इसलिए उसे भी गिरफ्तार किया गया। हथियार, मैग्जीन व कारतूस की बरामदगी के लिए पुलिस छापेमारी करने में जुटी है।

Share This Article