खराब शुरुआत के बाद शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव जारी; सेंसेक्स 21 अंक फिसला, निफ्टी भी लाल में

Asha Rai

Stock Market Today: भारतीय शेयर बाजार में सोमवार, 16 फरवरी को कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई। शुरुआती कारोबार में दोनों प्रमुख इंडेक्स लाल निशान में थे, लेकिन थोड़ी ही देर में बाजार ने रिकवरी दिखाते हुए हरे निशान की ओर रुख कर लिया।

30 शेयरों वाला BSE Sensex 146.36 अंक यानी 0.18% की गिरावट के साथ 82,480.40 पर खुला। वहीं *Nifty 50* 47.50 अंक या 0.19% फिसलकर 25,423.60 के स्तर पर ओपन हुआ।

सुबह करीब 9:20 बजे तक सेंसेक्स 35 अंकों की गिरावट के साथ 82,591 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 50 लगभग 2 अंकों की मामूली कमजोरी के साथ 25,469 पर ट्रेड कर रहा था।

बीएसई के टॉप गेनर और लूजर

शुरुआती कारोबार में पावरग्रिड, टीसीएस, एनटीपीसी, कोटक बैंक और एचसीएल टेक में बढ़त देखने को मिली।

वहीं अडानी पोर्ट, टाइटन, एसबीआईएन और ट्रेंट के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।

अमेरिकी बाजार का मिला-जुला संकेत

वैश्विक संकेतों की बात करें तो सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन अमेरिकी बाजारों का रुख मिश्रित रहा।

Dow Jones Industrial Average 48.95 अंक (0.10%) की बढ़त के साथ 49,500.93 पर बंद हुआ।

S&P 500 3.41 अंक (0.05%) चढ़कर 6,836.17 के स्तर पर पहुंचा।

हालांकि Nasdaq Composite 50.48 अंक (0.22%) की गिरावट के साथ 22,546.67 पर बंद हुआ।

शुक्रवार को बाजार में भारी गिरावट

इससे पहले शुक्रवार, 13 फरवरी को भारतीय बाजार में बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी। सेंसेक्स 1,048.16 अंक यानी 1.25% टूटकर 82,626.76 पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 50 में 336.10 अंक (1.30%) की गिरावट आई और यह 25,471.10 पर बंद हुआ।

शुक्रवार को बीएसई बास्केट में सिर्फ दो शेयर हरे निशान पर बंद हुए, जबकि 28 शेयरों में गिरावट रही। निफ्टी बैंक, निफ्टी आईटी, निफ्टी ऑटो, निफ्टी एफएमसीजी, निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 समेत ज्यादातर सेक्टर दबाव में रहे।

कुल मिलाकर, सोमवार को बाजार ने शुरुआती झटके के बाद संभलने की कोशिश की, लेकिन निवेशकों की नजर वैश्विक संकेतों और सेक्टोरल मूवमेंट पर बनी हुई है।

Share This Article