NEWS PR डेस्क: पटना, 20 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में बजट सत्र के बीच हुई कैबिनेट बैठक में 35 एजेंडों पर फैसला लिया गया, जिसमें सबसे बड़ा निर्णय सारण जिले के सोनपुर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (Greenfield Airport) बनाने का है। सरकार ने प्रस्ताव को आधिकारिक रूप से मंजूरी दे दी है, जिससे बिहार में एयर कनेक्टिविटी को नई दिशा मिल सकती है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए सरकार ने 1302 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है, जिससे राज्य की हवाई कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है।
4200 एकड़ में विकसित होगा नया एयरपोर्ट
सोनपुर में प्रस्तावित एयरपोर्ट लगभग 4200 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा, जो राजधानी पटना के बेहद करीब स्थित है। इसके बनने से वर्तमान में पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर बढ़ते यात्री दबाव को कम करने में मदद मिलेगी और भविष्य में लंबी दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को संचालित करना आसान होगा। इससे उत्तर बिहार की सीधी वैश्विक कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी। बता दें सोनपुर में बनने वाला यह एयरपोर्ट दिल्ली, हैदराबाद, मुंबई और जेवर एयरपोर्ट के बाद भारत का 5वां सबसे बड़ा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट होगा।
पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बल
सरकार का लक्ष्य पर्यटन तथा व्यापार को बढ़ावा देना है। सोनपुर में हर वर्ष होने वाला विश्व प्रसिद्ध मेला बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करता है, और इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनने से विदेशी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि की संभावना है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और होटल, परिवहन तथा सेवा क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा।
भूमि अधिग्रहण और तकनीकी सर्वे की तैयारी शुरू
सोनपुर एयरपोर्ट परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया और तकनीकी सर्वेक्षण की तैयारियां शुरू हो रही हैं। प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने के सरकार द्वारा संकेत दिए गए हैं। राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में इसे राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में ‘मास्टरस्ट्रोक’ कदम माना जा रहा है।
आपको बता दें, बिहार में पहले से ही छह नए शहरों में छोटे हवाई अड्डे बनाने के को मंजूरी दे दी गई है । बिहार के मधुबनी, वीरपुर, मुंगेर, वाल्मीकि नगर, मुजफ्फरपुर और सहरसा से भी हवाई सुविधा शुरू होने वाली है। इन शहरों में एयरपोर्ट शुरू होने से आसपास के इलाकों हवाई परिचालन को नई उड़ान मिलेगी।