माले विधायकों को टांग कर किया गया सदन से बाहर, स्पीकर ने 8 विधायकों को किया मार्शल आउट

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। बिहार विधानसभा सत्र के आखिरी दिन बिगड़ती कानून व्यवस्था और बेलगाम अपराध के मसले पर सदन में जमकर हंगामा हुआ। जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कड़े तेवर अख्तियार करते हुए माले के 8 विधायकों को सदन से मार्शल आउट कर दिया।

दरअसल, आज सदन की कार्यवाही शुरू होते ही भाकपा माले के विधायकों ने बिहार में बेलगाम अपराध के मसले पर हंगामा शुरू कर दिया। सदन में हंगामा कर रहे विधायकों को विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने शांत होने के लिए कहा लेकिन जब उन्होंने स्पीकर की बात नहीं मानी तो माले विधायकों को मार्शल आउट करवा दिया गया।

विधानसभा अध्यक्ष के निर्देश पर सदन में मौजूद मार्शल तुरंत सक्रिय हुए और भाकपा माले विधायकों को टांग कर सदन से बाहर निकाल दिया। सदन में लगातार दूसरे दिन ऐसा नजारा देखने को मिला। इसके पहले बुधवार को AIMIM के विधायकों को मार्शल आउट किया गया था। सदन में हंगामे को लेकर स्पीकर विजय कुमार सिन्हा काफी सख्त दिख रहे हैं। प्रश्नोत्तरकाल बाधित करने वाले विधायकों के ऊपर लगातार उनकी तरफ से कार्रवाई देखने को मिली है।

विधानसभा की कार्यवाही से मार्शल आउट किए जाने के बाद भाकपा माले के विधायकों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। भाकपा माले के विधायकों का कहना है कि सत्ता पक्ष अपनी मनमानी कर रहा है। बिहार में लगातार अपराध बढ़ रहा है। पटना में जेडीयू नेता की हत्या, दरभंगा में लगातार लूट की वारदात हो रही। अमर सेनानी वीर कुंवर सिंह के परिवार के युवक को पुलिस ने मार डाला लेकिन इन सभी घटनाओं पर सदन में आवाज बुलंद करना भारी पड़ रहा है और सच की आवाज दबाने की कोशिश की गई है।

Share This Article