जमुई में छात्र-छात्रा से बदसलूकी पर सख्त एक्शन, 3 आरोपी गिरफ्तार; JDU बोली- दोषियों पर होगी कार्रवाई

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: NEWS PR डेस्क: बिहार के जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ कथित बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। घटना 19 सितंबर की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में कुछ लोगों द्वारा स्कूटी सवार नाबालिग छात्र-छात्रा को रोकते और उनके साथ बदसलूकी करते हुए देखा जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद जमुई पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
अन्य आरोपियों की पहचान करने की कोशिश ….
पुलिस के मुताबिक, मामले में जमुई थाना कांड संख्या 428/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में POCSO एक्ट समेत गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान करने की कोशिश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने SIT का गठन किया …
जांच को आगे बढ़ाने के लिए पुलिस ने SIT का गठन किया है। पुलिस वीडियो और पीड़ितों के बयान के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करने वाले व्यक्ति की पहचान की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। साथ ही वायरल वीडियो को हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई …
घटना को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। JDU प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि सरकार ऐसे मामलों को लेकर संवेदनशील है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उमेश कुशवाहा ने कहा कि अपराधी कितना भी बड़ा क्यों न हो, वह पुलिस की कार्रवाई से नहीं बच सकता। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल लोगों को पुलिस के कब्जे में लाया जाएगा।
स्थानीय प्रशासन से उचित कार्रवाई की ,….
वहीं बिहार सरकार के मंत्री सुनील कुमार ने भी घटना को निंदनीय बताते हुए स्थानीय प्रशासन से उचित कार्रवाई की बात कही। मंत्री ने कहा कि जो भी लोग घटना में शामिल हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने इसे निंदनीय घटना बताया। वहीं सुनील कुमार ने कहा कि एक घटना को लेकर पूरे बिहार के हालात को उसी रूप में पेश करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर सरकार ने कदम उठाए हैं। उन्होंने दोहराया कि घटना के दोषियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी।

वहीं, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने मामले में सख्त कार्रवाई की बात कही है। उन्होंने कहा कि आयोग की टीम घटनास्थल पर जाकर पीड़ित से मुलाकात करेगी। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामले की जांच जारी है।

Share This Article