NEWS PR डेस्क: पटना। बिहार सरकार ने निवेश प्रस्तावों की समीक्षा के बाद बड़ा फैसला लेते हुए 48 परियोजनाओं को प्रारंभिक चरण में ही खारिज कर दिया है। इन परियोजनाओं से जुड़े करीब 1426 करोड़ रुपये के संभावित निवेश प्रस्ताव अब आगे नहीं बढ़ पाएंगे।
यह निर्णय राज्य निवेश प्रोत्साहन परिषद की बैठक में लिया गया, जिसमें उद्योग विभाग द्वारा प्राप्त प्रस्तावों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान परियोजनाओं की गंभीरता, पात्रता और उनके वास्तविक क्रियान्वयन की संभावनाओं का आकलन किया गया। जांच के दौरान पाया गया कि कई प्रस्ताव निर्धारित मानकों और नीतिगत शर्तों पर खरे नहीं उतर रहे थे, जिसके बाद उन्हें स्टेज-1 स्तर पर ही निरस्त करने का निर्णय लिया गया।
सरकार का कहना है कि बिहार में निवेश को लेकर सकारात्मक माहौल बनाया जा रहा है, लेकिन केवल वही परियोजनाएं आगे बढ़ाई जाएंगी जो राज्य की औद्योगिक नीति के अनुरूप हों और जिनके जमीन पर उतरने की वास्तविक संभावना हो। इस फैसले को निवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
रद्द किए गए प्रस्ताव विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से संबंधित थे। इनमें खाद्य प्रसंस्करण, मैन्यूफैक्चरिंग, हेल्थकेयर, प्लास्टिक और रबर, सौर ऊर्जा, टेक्सटाइल और लकड़ी उद्योग जैसे सेक्टर शामिल हैं।
सरकार के इस फैसले से यह स्पष्ट संकेत गया है कि राज्य में निवेश का स्वागत है, लेकिन प्राथमिकता उन परियोजनाओं को दी जाएगी जो व्यवहारिक हों, नीति के अनुरूप हों और राज्य के औद्योगिक विकास में वास्तविक योगदान दे सकें।