NEWS PR डेस्क: भागलपुर, 10 अप्रैल। जिले के इंटर स्तरीय तुलसीपुर जमुनिया विद्यालय में नौवीं कक्षा में नामांकन नहीं मिलने से नाराज छात्रों ने शुक्रवार को जोरदार विरोध जताया। सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं अपनी शिकायत लेकर जिलाधिकारी के जनता दरबार पहुंचे और मामले में हस्तक्षेप की मांग की।
छात्रों का कहना है कि उन्होंने इसी विद्यालय से आठवीं कक्षा उत्तीर्ण की है, इसके बावजूद उन्हें नवमी में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। इससे उनकी पढ़ाई पर संकट खड़ा हो गया है। छात्रों ने आरोप लगाया कि विद्यालय प्रशासन चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरत रहा है।
वहीं, विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य का कहना है कि उन्हें विभाग की ओर से केवल 76 छात्रों के नामांकन की सूची प्राप्त हुई है और उसी आधार पर प्रवेश लिया जा रहा है। सूची में स्थानीय और अन्य क्षेत्रों के छात्रों के नाम शामिल हैं, जिससे सीमित सीटों के कारण कई छात्र वंचित हो रहे हैं।
अभिभावकों ने भी विद्यालय प्रशासन पर मनमानी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि प्राथमिकता स्थानीय गांव के बच्चों को मिलनी चाहिए थी, लेकिन नियमों की अनदेखी की जा रही है। इससे बड़ी संख्या में योग्य छात्र-छात्राएं नामांकन से वंचित रह गए हैं।
छात्रों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द समाधान नहीं निकला तो उन्हें मजबूरन दूसरे दूरस्थ विद्यालयों में दाखिला लेना पड़ेगा, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होगी। फिलहाल, सभी की निगाहें जिलाधिकारी के निर्णय पर टिकी हैं, जिनके हस्तक्षेप के बाद ही इस विवाद का समाधान संभव माना जा रहा है।