NEWS PR डेस्क:सुपौल, सदर थाना क्षेत्र के परसरमा गांव में सात वर्षीय बच्ची की निर्मम हत्या से पूरा इलाका शोक और आक्रोश में डूबा है। घटना के अगले दिन शनिवार को कोसी रेंज के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंचे। हल्की बारिश के बीच उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया, परिजनों से बातचीत की और मामले में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और संवेदनशील है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्ची की हत्या उसके ही चचेरे चाचा बताए जा रहे आरोपी राजू शाह ने की। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले में स्पीडी ट्रायल के लिए न्यायालय में आवश्यक प्रक्रिया अपनाएगी, ताकि दोषी को जल्द से जल्द कठोर सजा दिलाई जा सके। साथ ही पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता और मुआवजा दिलाने का भी प्रयास किया जाएगा।
देर रात हुई थी दिल दहला देने वाली वारदात
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर रात परसरमा वार्ड संख्या-8 निवासी शंभू शाह अपनी सात वर्षीय बेटी प्रीति कुमारी के साथ दूध लेकर घर लौट रहे थे। शंभू शाह आगे चल रहे थे, जबकि प्रीति उनके पीछे हाथ में दूध की बोतल लेकर आ रही थी। इसी दौरान गांव के ही युवक राजू शाह ने बच्ची पर कुदाल से हमला कर दिया। गंभीर हमले में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद भड़का ग्रामीणों का आक्रोश
घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी के घर में आग लगा दी। सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ राजीव रंजन समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची, स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू की गई।
गांव में पसरा मातम, पुलिस कर रही विस्तृत जांच
घटना के बाद परसरमा गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा ताकि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिल सके।सुपौल से अल्ताफ राजा की रिपोर्ट
