NEWS PR डेस्क:बेतिया/गौनाहा: पश्चिम चंपारण जिले के गौनाहा प्रखंड के टिकुल टोला गांव में वर्षों से जलजमाव, गंदगी और बदबूदार सड़क की समस्या झेल रहे ग्रामीणों ने अब बदलाव की पहल खुद शुरू कर दी है। जनप्रतिनिधियों से बार-बार गुहार लगाने के बाद भी समाधान नहीं मिलने पर समाजसेवी साधु प्रभु भगत ने गांव के युवाओं के साथ मिलकर सड़क मरम्मत का बीड़ा उठाया है।

बेलसण्डी पंचायत के टिकुल टोला गांव से होकर गुजरने वाले बेलसण्डी-कुसहवा-नरकटियागंज मुख्य मार्ग की हालत लंबे समय से खराब थी। सड़क पर जलजमाव और कीचड़ के कारण आम लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों, महिलाओं और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
समाजसेवी प्रभु भगत ने बताया कि ग्रामीणों की ओर से कई बार समस्या की जानकारी दी गई, लेकिन सड़क की मरम्मत नहीं हो सकी। इसके बाद उन्होंने युवाओं के सहयोग और अपने निजी खर्च से सड़क सुधार कार्य शुरू कराने का निर्णय लिया। ग्रामीण बृजेश महतो ने बताया कि लोगों की परेशानी को देखते हुए प्रभु भगत ने स्थानीय युवाओं को साथ जोड़ा और सड़क मरम्मत का काम शुरू कराया। फिलहाल टिकुल टोला गांव में संजय कुमार के घर से बोड़हा नदी तक मुख्य मार्ग की मरम्मत स्थानीय सहयोग और निजी कोष से कराई जा रही है।
प्रभु भगत ने कहा कि समाज सेवा और जरूरतमंद लोगों की मदद करना उनके जीवन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ग्रामीणों को जलजमाव और गंदगी की समस्या से राहत मिलेगी। वहीं, ग्रामीणों का आरोप है कि स्थानीय मुखिया से कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों ने प्रभु भगत और युवाओं की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अगर सक्षम लोग समाजहित में आगे आएं तो गांवों की तस्वीर बदली जा सकती है।पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट
