NEWS PR डेस्क: पूर्णिया, 5 सितंबर 2026: गुरु-शिष्य की गौरवशाली परंपरा और शिक्षकों के अमूल्य योगदान को नमन करते हुए जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, पूर्णिया में शिक्षक दिवस गरिमा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। भारत के महान शिक्षाविद्, दार्शनिक और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका को विशेष रूप से रेखांकित किया गया।
दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय की प्रशासनिक टीम द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन डॉ. पीयूष अग्रवाल, वाइस चेयरमैन श्री शैलेंद्र गुप्ता, डायरेक्टर श्री राजेश अग्रवाल, श्री अशोक सर्राफ, डायरेक्टर-प्रिंसिपल श्रीमती पुलोमा नंदी, उपप्रधानाचार्य श्री राज कुमार दास, वरिष्ठ समन्वयक श्री त्रिवेणी पाण्डेय, समन्वयक श्री विवेक गुप्ता, श्रीमती इन्द्राणी मुखर्जी सहित समस्त शिक्षक और प्रशासनिक सदस्य उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ शिक्षकों के आत्मीय स्वागत और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर शिक्षा जगत और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया।
विद्यार्थियों ने शिक्षकों के प्रति जताया सम्मान
शिक्षक दिवस पर नर्सरी से कक्षा दसवीं तक के विद्यार्थियों ने अपने-अपने कक्षाचार्यों का सम्मान और अभिनंदन किया वहीं, वरिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों ने सभी शिक्षकों के सम्मान में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।विद्यालय की हेड गर्ल ने ‘विद्यार्थी के जीवन में शिक्षक का महत्व’ विषय पर अपने विचार रखे। इसके बाद विद्यार्थियों के मधुर समूह गीत और मनमोहक समूह नृत्य ने समारोह में सांस्कृतिक रंग भर दिया। प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति आदर, प्रेम और कृतज्ञता की भावनाएं व्यक्त कीं।
पुलोमा नंदी ने शिक्षकों के समर्पण की सराहना की
डायरेक्टर-प्रिंसिपल श्रीमती पुलोमा नंदी ने अपने संबोधन में शिक्षकों की निष्ठा, समर्पण और परिश्रम की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षकों के मार्गदर्शन का सम्मान करने तथा उनसे प्राप्त ज्ञान, अनुशासन और जीवन-मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं होते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और जीवन को सही दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

रैंप वॉक और खेलों ने बढ़ाया उत्साह
समारोह का विशेष आकर्षण शिक्षकों का रैंप वॉक रहा। इसमें शिक्षकों ने आत्मविश्वास, उत्साह और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। इसके बाद आयोजित विभिन्न मनोरंजक खेलों में शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और हंसी-खुशी के बीच यादगार पल साझा किए।
प्रशासनिक टीम द्वारा प्रस्तुत विशेष कार्यक्रम ने भी सभी का मन मोह लिया। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और सौहार्द का माहौल बना रहा।
‘मिस्टर गोयनका’ और ‘मिस गोयनका’ का हुआ चयन
विद्यालय प्रबंधन की ओर से शिक्षकों के समर्पण, परिश्रम और विद्यालय की निरंतर प्रगति में उनके योगदान के सम्मानस्वरूप उपहार प्रदान किए गए।
समारोह के दौरान ‘मिस्टर गोयनका’ एवं ‘मिस गोयनका’ की घोषणा भी की गई। इसमें श्री रोहित वर्मा को ‘मिस्टर गोयनका’ तथा श्रीमती कैरोलीन योंजन को ‘मिस गोयनका’ चुना गया। विद्यालय परिवार ने दोनों विजेताओं को बधाई दी और उनकी उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना की।
चेयरमैन ने शिक्षकों को बताया राष्ट्र के भविष्य का निर्माता
इस अवसर पर चेयरमैन डॉ. पीयूष अग्रवाल ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में शिक्षकों को समाज और राष्ट्र के भविष्य का निर्माता बताया। उन्होंने शिक्षकों के समर्पण एवं उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनमें संस्कार, आत्मविश्वास, अनुशासन और जीवन की सही दिशा विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से उनके मार्गदर्शन को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
केक काटने के साथ हुआ समारोह का समापन
समारोह का समापन केक काटने और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। संपूर्ण आयोजन सम्मान, आनंद, सौहार्द, कृतज्ञता और आत्मीयता का सुंदर संगम रहा।
शिक्षक दिवस का यह समारोह जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, पूर्णिया की सुदृढ़ शैक्षणिक संस्कृति, अनुशासित कार्यप्रणाली और मूल्यपरक शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता नजर आया। विद्यालय परिवार की ओर से सभी गुरुजनों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।