तेजस्वी यादव का बड़ा आरोप: करीबियों को रेवड़ी की तरह मिल रही सरकारी सुविधाएं

चीप मिनिस्टर' टिप्पणी से गरमाई सियासत, तेजस्वी ने सरकार पर लगाए कई आरोप

Rashmi Tiwari

पटना: राजनीतिक सरगर्मी के बीच बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव मंगलवार को अपने पिता और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव तथा बड़ी बहन और राज्यसभा सांसद मीसा भारती के साथ पटना पहुंचे। राजधानी आगमन के साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला।

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि राज्य में विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं, खजाना खाली है और अपराध व भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पहले से ही आशंका थी कि सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बनने के बाद भी अपनी कार्यशैली में बदलाव नहीं लाएंगे। तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि वे “चीफ मिनिस्टर नहीं, चीप मिनिस्टर” साबित हो रहे हैं।


उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार को आगे बढ़ाने के लिए न कोई स्पष्ट विजन है और न ही कोई रोडमैप। बेरोजगारी और महंगाई को लेकर उन्होंने सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने की राजनीति की जा रही है। तेजस्वी ने कहा कि नीट पेपर लीक जैसी घटनाएं युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं, जबकि महिलाओं से किए गए वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं।
आवास और सुरक्षा मिलना स्वाभाविक है
तेजस्वी यादव ने यह भी आरोप लगाया कि माताओं-बहनों को दो-दो लाख रुपये देने की घोषणा धरातल पर नहीं उतर पाई है और कई जगहों पर पेंशन तक बंद है। राबड़ी देवी के सरकारी आवास और सुरक्षा को लेकर उठे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष होने के नाते उन्हें आवास और सुरक्षा मिलना स्वाभाविक है।
रेवड़ी की तरह सरकारी सुरक्षा और सुविधाएं दी जा रही हैं
उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि अपने करीबियों को रेवड़ी की तरह सरकारी सुरक्षा और सुविधाएं दी जा रही हैं। कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए तेजस्वी ने कहा कि बिहार में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। उन्होंने पटना में दिनदहाड़े गोलीबारी और गैंगरेप जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए।
सरकार बड़े मामलों में कार्रवाई से बच रही
तेजस्वी यादव ने बालिका गृह, सृजन घोटाला और रिशुश्री मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार बड़े मामलों में कार्रवाई से बच रही है। उन्होंने कहा कि बिहार आज भी देश का सबसे गरीब राज्य बना हुआ है और विकास के लिए कोई ठोस योजना नजर नहीं आती।
जनता सब कुछ देख रही
अंत में उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी चिंता व्यक्तिगत सुरक्षा या सरकारी आवास नहीं है, बल्कि बिहार की जनता की सुरक्षा और राज्य का विकास है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी राजद कार्यकर्ता मजबूती से साथ खड़े हैं और जनता सब कुछ देख रही है।

Share This Article