मधुबनी के लखनौर में 50वीं वासंती दुर्गा पूजा का भव्य आयोजन, स्तोत्र गायन और शंखनाद से गूंजा माहौल

Asha Rai

NEWS PR डेस्क: बिहार के मधुबनी जिले के लखनौर प्रखंड स्थित दीप गांव में 50वें वर्ष की वासंती दुर्गा पूजा के अवसर पर भक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सनातन वैदिक गुरुकुल ज्योतिर्वेद विज्ञान संस्थान के तत्वावधान में आयोजित स्तोत्र गायन और शंखनाद कार्यक्रम ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम में ऋषभ मिश्रा और प्रणव मिश्रा द्वारा प्रस्तुत सामूहिक स्तोत्र गायन और शंख वादन ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा पूजा प्रांगण भक्ति रस में डूबा नजर आया, जहां ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर आयोजन की सराहना की।

कार्यक्रम का शुभारंभ वासंती दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष तृप्ति नारायण चौधरी और वरिष्ठ समाजसेवी भागीरथ ठाकुर ने किया। इस दौरान कलाकारों को सम्मानित भी किया गया।

संस्थान के निदेशक डॉ. राजनाथ झा ने कहा कि ऐसे आयोजन गुरुकुल शिक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने के साथ युवाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक संदर्भों में विकसित करने की जरूरत पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम में शम्भुनाथ झा, उदयनाथ झा, शिक्षक अभिनव मिश्रा, मोहन पाण्डेय सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। गुरुकुल के छात्रों ने भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे लोगों ने खूब सराहा।

वक्ताओं ने कहा कि मिथिला की सांस्कृतिक विरासत बेहद समृद्ध है और इसे संरक्षित रखना समाज की जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन न सिर्फ आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच और सांस्कृतिक एकता को भी मजबूत करते हैं।

संयोजक डॉ. राघव नाथ झा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ना और संस्कृत व परंपराओं के प्रति प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम युवाओं को नई ऊर्जा और दिशा देने का काम करते हैं।

यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि विश्व शांति और “सर्वे भवन्तु सुखिनः” के संदेश के साथ युवाओं को सांस्कृतिक रूप से जागरूक करने की प्रेरणादायक पहल भी साबित हुआ।

Share This Article