NEWS PR डेस्क: पटना। नौबतपुर थाना क्षेत्र के सरासर गांव से बुधवार रात एक नाले में तीन साल की बच्ची का शव मिलने से इलाके में शोक का माहौल छा गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बच्ची गुरुवार को अपने घर से नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र गई थी। पढ़ाई खत्म होने के बाद वह अकेले घर लौट रही थी, तभी उसने नाले के खुले चैंबर में गिरने के बाद पानी में डूबकर दम तोड़ दिया। आसपास के लोगों ने बच्ची का बैग नाले के पास देखा और पानी निकालने के बाद शव बरामद किया गया।
नौबतपुर थाने की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बच्ची किन परिस्थितियों में नाले में गिर गई। शुरुआती जांच में इसे हादसा माना जा रहा है, लेकिन सभी संभावित पहलुओं पर छानबीन जारी है।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग प्रशासन से खुले नाले व चैंबर ढकने तथा सुरक्षा के उपाय सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसे दुखद हादसे न हों।