मोतिहारी: दहेज में बुलेट नहीं, तो शादी नहीं, सज-धज कर बैठी रही दुल्हन, नहीं पहुंचा दूल्हा

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। सरकार दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ समाज सुधार अभियान चला रही है। लेकिन समाज सुधरने को तैयार नहीं है। इस अभियान का असर लोगों पर नहीं दिख रहा है। तभी तो दहेज नहीं मिलने पर दुल्हे ने शादी से इंकार कर दिया। मामला मोतिहारी के कल्याणपुर के पकड़ी दीक्षित पंचायत का है। सज-धजकर दुल्हन इंतजार करती रही लेकिन बारात नहीं पहुंची। लड़की पक्ष ने शादी की सारी तैयारी कर ली थी। मंडप बन गया था। स्वागत के लिये पंडाल बने थे। मगर इन सब का कोई फायदा नहीं हुआ।

बताया जा रहा है कि दहेज में बुलेट की मांग और 50 हजार रुपए की कमी की बात कर दूल्हा बारात लेकर नहीं आया। जिससे दहेज दे पाने में असमर्थ पिता के सपने चूर हो गए। बारात मुजफ्फरपुर के जाफरपुर से आनी थी। लेकिन समय पर दहेज नही मिलने से शादी को तोड़ दिया गया। नतीजतन शादी की खुशी मातम में तब्दील हो गयी है। घटना बीते शुक्रवार की रात की बताई जा रही है। पकड़ी दीक्षित निवासी पन्नालाल साह अपनी पुत्री की शादी मुजफ्फरपुर जिला के जाफरपुर निवासी स्वर्गीय शंभू साह के पुत्र चंदन कुमार से तय किया था लेकिन दहेज लोभियों लड़का के बहनोई विनोद शाह और लड़का बरात लेकर नहीं आया। पीड़ित पिता पन्ना लाल साह बताते है कि दूल्हा के जीजा बार बार नंबर बदलकर बुलेट बाइक और बारात लाने का खर्च की मांग कर रहा था। जब बारात नहीं आई तो दूल्हा के घर पर जाने पर घर मे ताला बंद था। वही शादी करने के लिये आये पुरोहित अशोक पाठक ने बताया कि लड़का पक्ष पहले बाइक की मांग किया और फिर मांग बढ़ती ही गयी। मांगों को पूरा नहीं करने से बारात लेकर दूल्हा नहीं आया और शादी नहीं हो सकी। वहीं पूरा मामला कल्याणपुर थाना में दर्ज कराया गया है। अब पुलिस की कार्रवाई पर सबकी नजर है।

मोतिहारी से धर्मेंद्र की रिपोर्ट

Share This Article