अपनी ही शादी कि ख़ुशी में फुले नहीं समाये दूल्हे राजा, ताबड़तोड़ कर दी फायरिंग, वीडियो वायरल होने के बाद FIR, गिरफ्तार करने कि चल रही है तैयारी

Sanjeev Shrivastava

NEWSPR डेस्क। राजधानी रांची में अपनी ही शादी में एक दूल्हे ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। फायरिंग की वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने सत्यापन कर बरियातू थाने में एफआइआर दर्ज की है। इसमें दूल्हा शोभित सिंह और अज्ञात रायफलधारी को आरोपित बनाया गया है। आरोपित दूल्हा रांची के मोरहाबादी में लावण्या अपार्टमेंट में रहता है।

बताया जाता है कि 13 दिसंबर की रात मोरहाबादी के चिरौंदी स्थित आशीर्वाद बैंंक्वेट हॉल में शोभित की शादी थी। इस क्रम मेें अति उत्साहित होकर उसने वहीं मौजूद एक रायफलधारी से रायफल ली और ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग की। पुलिस के अनुसार इस फायरिंग से किसी को भी गोली लग सकती थी।

बताया जाता है कि शोभित सिंह पहले धोखाधड़ी के मामले में जेल गया था। इसके अलावा कोतवाली इलाके के एक होटल में हुई बैचलर्स पार्टी में एक युवक की हत्या के मामले में वह चश्मदीद था। तब मारे गए छात्र के पिता ने साजिश का आरोप लगाया गया था।

उस वक्त बरियातू थाने की पुलिस ने शोभित को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वहीं पंडरा के एक व्यवसायी की आत्महत्या के मामले में भी शोभित पर आरोप लगे थे। पंडरा ओपी में उसके खिलाफ केस दर्ज करवाया गया था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शादी में फायरिंग के मामले में आरोपित शोभित को गिरफ्तार किया जाएगा। आशिर्वाद बैंक्वेट हॉल में लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जाएगा। फायरिंग की वीडियो वायरल होने के बाद बरियातू थाने की पुलिस आशिर्वाद बैंक्वेट हॉल पहुंची और शादी समारोह का सत्यापन किया।

इसके बाद एफआइआर दर्ज की गई है। पुलिस यह पता लगा रही है कि जिस रायफल से फायरिंग की गई है वह लाइसेंसी है या अवैध है। लाइसेंसी रहने पर राइफल का लाइसेंस भी रद करने की अनुशंसा की जाएगी।

Share This Article