NEWS PR डेस्क: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पवित्र माह रमजान के शुरुआत पर प्रदेशवासियों, खासकर मुस्लिम समुदाय को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ के माध्यम से जारी अपने संदेश में कहा कि रमजान रहमतों और इबादत का महीना है, जिसमें खुदा की विशेष कृपा बरसती है। रोजेदारों की दुआएं अल्लाह की नजर में मकबूल होती हैं और उनकी इबादत स्वीकार की जाती है।
मुख्यमंत्री ने दुआ की कि अल्लाह सभी रोजेदारों की प्रार्थनाएं कबूल करें और समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव, सम्मान और भाईचारे की भावना को मजबूत करें, ताकि मिलकर राज्य और देश की तरक्की में योगदान दिया जा सके।

इस्लामी कैलेंडर के सबसे पवित्र महीने रमजान की शुरुआत गुरुवार, 19 फरवरी से हो गई है। इस दौरान मुस्लिम समुदाय के लोग पूरे महीने रोजा रखते हैं और इबादत में समय बिताते हैं। रोजेदार सुबह सेहरी के बाद दिनभर उपवास रखते हैं और शाम को इफ्तार के साथ रोजा खोलते हैं। रमजान के महीने में पांच वक्त की नमाज अदा की जाती है और दुआओं का विशेष महत्व माना जाता है।