नवगछिया में सामूहिक विवाह का तीसरा संस्करण: 25 जोड़ों की होगी नि:शुल्क शादी, हर दुल्हन को मिलेगा स्वरोजगार का सहारा

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: भागलपुर, 07 अप्रैल। नवगछिया में समाजसेवा की एक मिसाल बन चुका नि:शुल्क सामूहिक विवाह कार्यक्रम एक बार फिर आयोजित होने जा रहा है। तेतरी दुर्गा मंदिर परिसर में होने वाला यह कार्यक्रम लगातार तीसरे वर्ष आयोजित किया जा रहा है, जिसमें इस बार भी 25 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न कराया जाएगा।

इस पहल की खासियत यह है कि इसमें अनाथ, दिव्यांग, आर्थिक रूप से कमजोर और अंतरजातीय विवाह करने वाले जोड़ों को प्राथमिकता दी जाती है। कार्यक्रम के संयोजक अनुज चौरसिया ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक विवाह का अवसर देना है।

समारोह में शामिल हर जोड़े को विदाई के समय शादी से जुड़ी सभी आवश्यक सामग्री नि:शुल्क दी जाती है। इसमें बारात के लिए भोजन और नाश्ता, दुल्हन के श्रृंगार का सामान, बर्तन सेट, बड़ा बक्सा, बाल्टी सेट और एक महीने का राशन (आटा, चावल, दाल, मसाले आदि) शामिल है।

सबसे खास पहल यह है कि हर दुल्हन को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक-एक सिलाई मशीन भी दी जाती है, ताकि वे शादी के बाद स्वरोजगार से जुड़ सकें और आर्थिक रूप से सशक्त बनें।

इस वर्ष के आयोजन के लिए भागलपुर, बांका, मुंगेर, पूर्णिया, सहरसा, मधेपुरा, खगड़िया, बेगूसराय और लखीसराय जिलों से कुल 25 जोड़ों ने रजिस्ट्रेशन करवा लिया है। कार्यक्रम को सफल बनाने में नवगछिया पुलिस जिला सहित समाज के सभी वर्गों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। स्थानीय ग्रामीणों से लेकर विभिन्न गांवों के कार्यकर्ता भी आयोजन की तैयारी में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

आयोजकों को उम्मीद है कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी यह सामूहिक विवाह समारोह नवगछिया की धरती पर एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक उदाहरण पेश करेगा।

Share This Article