गया-बोधगया मार्ग पर चलती स्कॉर्पियो में लगी आग, तीन लोग बाल-बाल बचे

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: गया, 02 अप्रैल। बिहार के गया जिले में बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब गया-बोधगया सड़क मार्ग पर चलती स्कॉर्पियो में अचानक आग लग गई। घटना मगध मेडिकल थाना क्षेत्र के पहाड़पुर मोड़ के समीप हुई, जहां देखते ही देखते गाड़ी धू-धू कर जलने लगी। हालांकि वाहन में सवार तीनों लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे उनकी जान बच गई।

जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में गया इंजीनियरिंग प्राइवेट वर्कशॉप के वरिष्ठ महाप्रबंधक राजेश कुमार सहित तीन लोग सवार थे। वे गया शहर से अपने मेहमानों को लेकर बोधगया स्थित होटल जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में गाड़ी से अचानक धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में आग फैल गई।

बताया जा रहा है कि आग लगते ही स्कॉर्पियो के सभी दरवाजे लॉक हो गए, जिससे अंदर बैठे लोग फंस गए। हालांकि काफी मशक्कत के बाद उन्होंने किसी तरह दरवाजा खोलकर बाहर निकलने में सफलता पाई। बाहर निकलते ही गाड़ी में आग तेजी से फैल गई और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

घटना के बाद गया-बोधगया सड़क मार्ग पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी और जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम करीब 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था।

वरिष्ठ महाप्रबंधक राजेश कुमार ने बताया कि आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। वहीं पुलिस भी पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

इस घटना ने एक बार फिर सड़क पर चलने वाले वाहनों की सुरक्षा और मेंटेनेंस को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share This Article