NEWS PR डेस्क: भागलपुर/नवगछिया, 09 अप्रैल। नवगछिया पुलिस ने टोटो चालक सिटू कुमार की हत्या और लूट के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई बैटरी और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
मामला तब सामने आया जब खरीक थाना क्षेत्र निवासी राजेश कुमार ने अपने पुत्र सिटू कुमार के लापता होने की सूचना पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि सिटू कुमार टोटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था और एक दिन शाम को घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटा।
सूचना मिलते ही खरीक थाना पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने कलवलिया धार से टोटो बरामद किया, जबकि अम्भो-दादपुर सड़क के किनारे एक गड्ढे से सिटू कुमार का शव मिला। इसके बाद मृतक के पिता के बयान पर खरीक थाना कांड संख्या 84/26 दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नवगछिया के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपी—श्रीचन कुमार, सुदामा शर्मा, बादल शर्मा और लड्डू शर्मा—को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने लूट के इरादे से टोटो को रिजर्व किया और चालक को तुलसीपुर स्थित केले के बागान में ले जाकर गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद टोटो की बैटरी और मोबाइल लूटकर शव को गड्ढे में फेंक दिया तथा टोटो को अलग स्थान पर छोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ का आपराधिक इतिहास भी रहा है। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।