पटना में विजयादशमी के अवसर पर 20 अक्टूबर को गांधी मैदान में आयोजित होने वाले रावणवध कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। कार्यक्रम में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन के निर्देश के अनुसार, सुबह 11 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने, भीड़ छंटने और यातायात सामान्य होने तक यह व्यवस्था लागू रहेगी। हालांकि, आपातकालीन वाहनों और विशेष पासधारकों को निर्धारित नियमों के तहत छूट दी जाएगी।प्रशासन ने गांधी मैदान की ओर जाने वाली 15 प्रमुख सड़कों पर वाहनों के परिचालन को पूरी तरह प्रतिबंधित किया है। भट्टाचार्या चौराहे से उत्तर गांधी मैदान की ओर आवागमन बंद रहेगा। वहीं, डाकबंगला चौराहे से जेपी गोलंबर तक का मार्ग विशिष्ट व्यक्तियों के लिए आरक्षित रहेगा। न्यू डाकबंगला से एसपी वर्मा रोड में प्रवेश पर भी रोक रहेगी।
जेपी गोलंबर से चिल्ड्रेन पार्क तक केवल आपातकालीन वाहनों को जाने की अनुमति होगी। इसके अलावा आयुक्त कार्यालय के सामने जेपी गंगा पथ गोलंबर, रामगुलाम चौक, ठाकुरबाड़ी मोड़ और बाकरगंज मोड़ से गांधी मैदान की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। आईएमए हॉल, होटल पनास और मौर्या होटल के पास स्थित कटिंग से भी प्रवेश बंद रहेगा।अशोक राजपथ पर गोविंद मित्रा रोड मोड़ से कारगिल चौक की ओर वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, बुद्धमार्ग में कोतवाली टी से पुलिस लाइन तिराहा तक गांधी मैदान की ओर जाने वाले रास्ते बंद रहेंगे।
पार्किंग और ठेला-खोमचा लगाने पर भी रोकगांधी मैदान के अंदर और आसपास की सड़कों पर पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। जेपी गोलंबर से डाकबंगला, डाकबंगला से पटना जंक्शन गोलंबर, रामगुलाम चौक से एग्जीबिशन रोड और जिलाधिकारी आवास से पुलिस लाइन तिराहा तक वाहनों के साथ-साथ ठेला-खोमचा लगाने पर भी प्रतिबंध रहेगा।पटना जंक्शन जाने के लिए बदलेगा रूटदोपहर एक बजे से पटना सिटी की ओर से आने वाले वाहनों को गांधी चौक, भिखना पहाड़ी, मछुआटोली, दिनकर गोलंबर, नाला रोड और सीडीए बिल्डिंग होते हुए पटना जंक्शन भेजा जाएगा। दानापुर की ओर से आने वाले वाहन राजापुर पुल से बोरिंग रोड की ओर मुड़ेंगे।
वहीं, पटना जंक्शन से गांधी मैदान की ओर आने वाले वाहनों को डाकबंगला, न्यू डाकबंगला, भट्टाचार्या चौराहा और गोरियाटोली के रास्ते निकाला जाएगा।पासधारकों के लिए निर्धारित पार्किंग व्यवस्थारावणवध कार्यक्रम में शामिल होने वाले पासधारकों के वाहनों के लिए एएन सिन्हा इंस्टीट्यूट, ज्ञान भवन, एसबीआई परिसर, जेपी गंगा पथ, मौर्यालोक, वीरचंद पटेल पथ की सर्विस लेन और हार्डिंग रोड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। हालांकि, पासधारकों के वाहन भी कार्यक्रम समाप्त होने और भीड़ छंटने के बाद ही बाहर निकल सकेंगे।
अस्पताल जाने के लिए तय किए गए विशेष रास्तेकार्यक्रम के दौरान आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को सुचारु रखने के लिए अस्पतालों तक पहुंचने के रास्ते भी निर्धारित किए गए हैं। पीएमसीएच जाने के लिए गेट नंबर 5, तारा अस्पताल के लिए गेट नंबर 4 तथा रूबन अस्पताल और एनएमसीएच के लिए गेट नंबर 10 से निर्धारित मार्ग उपलब्ध रहेंगे। आईजीआईएमएस जाने वाले लोगों को जेपी गोलंबर, डाकबंगला और बेली रोड के रास्ते से जाने की व्यवस्था दी गई है।गांधी मैदान के विभिन्न गेटों पर डॉक्टरों, दवाओं और एंबुलेंस की तैनाती भी की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।