NEWS PR डेस्क: भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को दो दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचेंगे। उनके पटना आगमन को लेकर राजधानी में सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पटना पहुंचने के बाद बापू सभागार में उनका अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसके चलते कई प्रमुख सड़कों के ट्रैफिक रूट में अस्थायी बदलाव किए गए हैं।
कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट से अरण्य भवन, शेखपुरा मोड़, राजवंशी नगर, पुनाईचक, विद्युत भवन, आयकर गोलंबर, डाकबंगला चौराहा, मौर्या होटल होते हुए बापू सभागार (गांधी मैदान) तक यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है। इसके अलावा कदमकुआं स्थित सरकारी आवास और भाजपा प्रदेश कार्यालय, टेलर रोड तक भी ट्रैफिक को नियंत्रित किया जाएगा।
यातायात पुलिस ने सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों से अपील की है कि वे कम-से-कम तीन घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके। सगुना मोड़ दानापुर से पूरब हड़ताली मोड़ की ओर जाने वाले वाहनों को राजा बाजार आरओबी पर बढ़ते दबाव को देखते हुए वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है।
बेली रोड पर आने वाले वाहन चालक दक्षिण दिशा में जगदेव पथ–डीटीओ–फुलवारीशरीफ या उत्तर दिशा में आशियाना–दीघा रोड, दीघा–कुर्जी–राजापुर पुल–अशोक राजपथ का उपयोग कर सकेंगे। जगदेव पथ पर किसी भी प्रकार की पार्किंग की अनुमति नहीं होगी।
वैकल्पिक रूट के तौर पर एक्जीबिशन रोड से गांधी मैदान की ओर जाने वाले वाहन रामगुलाम चौक से पूरब दिशा में जाएंगे। कंकड़बाग और पटना जंक्शन से पश्चिम की ओर जाने वाले वाहन जीपीओ आरओबी, आर ब्लॉक, गर्दनीबाग आरओबी और अनिसाबाद गोलंबर के रास्ते गुजरेंगे। वहीं, कारगिल चौक से पश्चिम अशोक राजपथ की ओर जाने वाले वाहन जेपी गंगा पथ का इस्तेमाल कर सकेंगे।
पार्किंग व्यवस्था को लेकर पटेल गोलंबर से एयरपोर्ट तक किसी भी प्रकार के वाहन खड़े करने पर रोक रहेगी। सोमवार सुबह 11 बजे से वीआईपी कार्यक्रम समाप्त होने तक जिला परिवहन कार्यालय से एयरपोर्ट की ओर यातायात नियंत्रित रहेगा। दक्षिण दिशा से आने वाले वाहन टमटम पड़ाव–फुलवारीशरीफ होते हुए और उत्तर दिशा से आने वाले वाहन जगदेव पथ की ओर जाएंगे।
अभिनंदन समारोह के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 12 से अधिक मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहेगा।
नितिन नवीन एयरपोर्ट पहुंचने के बाद बेली रोड के रास्ते सीधे बापू सभागार जाएंगे। इसके बाद वे जेपी आवास, फिर अपने आवास और अंत में भाजपा प्रदेश कार्यालय का दौरा करेंगे। उनके पूरे कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की है।