हाजीपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, अधिवक्ता की मौत; तीन साथी वकील घायल

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : हाजीपुर-मुजफ्फरपुर NH-22 पर सदर थाना क्षेत्र के पुलिस लाइन के समीप शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हादसे में हाजीपुर व्यवहार न्यायालय के अधिवक्ता कुंदन कुमार की मौत हो गई, जबकि उनके साथ कार में सवार तीन अन्य अधिवक्ता घायल हो गए।

श्राद्ध कार्यक्रम से लौट रहे थे चारों
जानकारी के अनुसार, बकसामा निवासी अधिवक्ता कुंदन कुमार अपने तीन साथियों के साथ एक श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद चारों लोग वैगनआर कार से हाजीपुर लौट रहे थे। इसी दौरान पुलिस लाइन के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कुंदन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।कुंदन कुमार पीछे की सीट पर बैठे थे और उनका सिर कार की खिड़की से बाहर था। हादसे के दौरान उनका सिर एल्युमिनियम की डिवाइडर से टकराया और कटकर करीब 10मीटर दूर दूसरी तरफ गिरा।

हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई
वाहन के चकमा देने के बाद अनियंत्रित हुई कार
साथी अधिवक्ता मोहन सिंह के अनुसार, पुलिस लाइन के समीप सड़क पार करते समय एक वाहन चालक ने उनकी कार को चकमा दे दिया। इसके बाद कार अनियंत्रित हो गई और दुर्घटना हो गई। हादसे में कार में सवार गोलू, गौरव और ज्ञानू घायल हुए हैं। तीनों के भी अधिवक्ता होने की जानकारी सामने आई है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतक कुंदन कुमार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, तीनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना में शामिल वाहन और हादसे की परिस्थितियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Share This Article