पटना: सदाकत आश्रम में इंदिरा गांधी और सरदार पटेल को कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, आजादी की हीरक जयंती समारोह का भी किया आयोजन

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। इंदिरा गांधी के शहादत दिवस और आजादी के 75वीं वर्षगांठ कार्यक्रम पर पटना के सदाकत आश्रम में आज समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान कांग्रेस ने इंदिरा गांधी और सरदार पटेल को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के तत्वाधान में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में इंदिरा गांधी की 37 वीं पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा और पूर्व गृह व रक्षा मंत्री सरदार बल्लभ भाई पटेल की 146वीं जयंती पर उनके तैल चित्र पर माल्यार्पण किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा ने किया।

माल्यार्पण के बाद आजादी की 75वीं वर्षगांठ कमिटी द्वारा आजादी की हीरक जयंती समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें रंगकर्मियों और कलाकारों ने महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू व इंदिरा गांधी पर विभिन्न झांकियों का भावपूर्ण प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा ने कहा कि देश की आजादी को सरदार पटेल और इंदिरा गांधी ने सुदृढ़ किया। भारत को एकीकृत करने और देश पर आसन्न संकटों को दूर करने के लिए इन महान  विभूतियों ने हमेशा देश के प्रत्येक नागरिकों के दिलों में स्थान बनाएं रखेंगे।

कार्यक्रम में बोलते हुए बिहार कांग्रेस कमिटी के पूर्व अध्यक्ष चंदन बागची ने कहा कि देश की आजादी में कांग्रेस के योगदान को नई पीढ़ी तक ले जाने के लिए ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन होना बेहद जरूरी है। उन्होंने देश की आजादी में भूमिका निभाने के लिए सभी महान विभूतियों के प्रति कृतज्ञता प्रकट की।

बिहार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष डॉ अनिल शर्मा ने कहा कि आजादी को अक्षुण्ण बनाएं रखने के लिए सरदार पटेल और इंदिरा गांधी के योगदान अमर रहें हैं। देश की आजादी को बचाएं रखने की जिम्मेदारी सभी की है।

आजादी की 75वीं वर्षगांठ कमिटी के अध्यक्ष डॉ अशोक गगन ने कार्यक्रम का संचालन किया वहीं धन्यवाद ज्ञापन  संयोजक रीता सिंह ने किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चंदन बागची, डॉ अनिल शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष कौकब कादरी, श्याम सुंदर सिंह धीरज, विधान पार्षद प्रेमचंद मिश्र, विधायक राजेश कुमार राम,  मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़, ब्रजेश पाण्डेय आजादी के 75वीं वर्षगांठ समिति के अध्यक्ष डॉ अशोक गगन, अमित पासवान वरुण कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहें।

Share This Article