NEWS PR डेस्क: बिहार के सासाराम में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। परसथूआ थाना क्षेत्र में स्कूली बच्चों को शैक्षणिक भ्रमण पर लेकर जा रही बस की तेज रफ्तार ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में दो शिक्षकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक छात्र घायल हो गए। दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, कैमूर जिला के चैनपुर स्थित मध्य विद्यालय बढोना से बस बच्चों और शिक्षकों को लेकर पटना जा रही थी। सभी छात्र-शिक्षक उत्साह के साथ शैक्षणिक यात्रा पर निकले थे, लेकिन रास्ते में यह भीषण हादसा हो गया। घटना रोहतास जिला के परसथूआ इलाके में मोहनिया-आरा पथ पर हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
इस हादसे में विशिष्ट शिक्षक संजय कुमार राय की मौत हो गई। वे चैनपुर थाना क्षेत्र के भैंसहर गांव के निवासी थे। वहीं बीएससी शिक्षक पुनीत कुमार सिंह ने भी मौके पर दम तोड़ दिया। वे मिर्जापुर जिला के माविहार थाना क्षेत्र के बगहवा गांव के रहने वाले बताए गए हैं। दोनों शिक्षकों के निधन से उनके परिवारों और विद्यालय में शोक की लहर दौड़ गई है।
दुर्घटना में चार अन्य शिक्षक—विपिन पांडे, सियानंद पटेल, लोरी सिंह और महिला शिक्षिका ललिता कुमारी—भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल सासाराम के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है।
करीब 10 स्कूली बच्चे भी इस हादसे में घायल हुए थे। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सभी बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी बच्चों को छुट्टी दे दी गई। हालांकि इस घटना के बाद बच्चों और अभिभावकों में दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। ट्रक चालक की तलाश जारी है।
इस दुखद घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के कड़ाई से पालन की आवश्यकता को रेखांकित किया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सख्त निगरानी और गति नियंत्रण के उपाय लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।