मुख्य सचिव की अध्यक्षता में ‘उद्योग वार्ता’ संपन्न: बिहार को औद्योगिक हब बनाने के लिए निवेशकों को हर संभव सहयोगी देगी बिहार सरकार

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 19 मार्च 2026: बिहार में औद्योगिक विकास को नई गति देने और राज्य को निवेश का आकर्षक केंद्र बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में ‘उद्योग वार्ता’ का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में देश के 11 प्रमुख निवेशकों ने भाग लिया और विभिन्न क्षेत्रों में निवेश से जुड़े प्रस्ताव प्रस्तुत किए।

पटना एयरपोर्ट के समीप वायुयान संगठन निदेशालय में आयोजित इस बैठक में मुख्य सचिव ने निवेशकों के प्रस्तावों को विस्तार से सुना और उद्योग स्थापना में आ रही जमीनी चुनौतियों पर चर्चा की। उन्होंने सभी विभागों के प्रधान सचिवों और सचिवों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निवेशकों को त्वरित और हर संभव सरकारी सहयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि निवेश प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा न आए।

बैठक में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्वास्थ्य, सड़क निर्माण और परिवहन जैसे अहम क्षेत्रों में निवेश के प्रस्ताव सामने आए। AION Pvt Ltd ने बिजली क्षेत्र में AI आधारित एनालिटिक्स और फोरकास्टिंग के जरिए कार्य करने का प्रस्ताव रखा, वहीं Zydex Industries ने सड़कों की गुणवत्ता सुधारने के लिए अपनी उन्नत तकनीक का लाइव प्रदर्शन किया।

Icon Communication ने ‘डाउनस्ट्रीम कम्युनिकेशन’ मॉडल के जरिए जीविका और स्वास्थ्य क्षेत्र में काम करने की योजना पेश की, जबकि Appycrown ने क्लाउड-आधारित एप्लिकेशन और डिजिटल सॉल्यूशंस के जरिए बिहार सरकार के साथ तकनीकी साझेदारी में रुचि दिखाई।

इसके अलावा Tensor Analytics, Quess Corp, Sheel Biotech, Kivisa Agro, S L Chemicals & Organics और Raymed Group जैसे कई प्रतिष्ठित संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने निवेश प्रस्ताव रखे। इन कंपनियों ने राज्य में रोजगार सृजन और तकनीकी विकास को बढ़ावा देने की संभावनाएं जताईं।

बैठक के दौरान कुछ निवेशकों ने तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग भी उठाई। इस पर मुख्य सचिव ने आश्वासन दिया कि उद्योग विभाग इन समस्याओं के समाधान के लिए तेजी से कार्रवाई करेगा और निवेशकों को अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।

स्पष्ट है कि बिहार सरकार अब ‘इंडस्ट्री-फ्रेंडली’ अप्रोच के साथ आगे बढ़ रही है, जहां निवेशकों को सहज माहौल देकर राज्य को औद्योगिक हब बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

Share This Article