श्राद्ध भोज में बेकाबू कार से कोहराम, 16 से ज्यादा लोगों को रौंदा, एक की मौत

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। छपरा श्राद्ध भोज में शामिल लोगों के लिए काल बनकर कार आ गई। घटना के बाद कार्यक्रम में अफरातफरी मच गई। कार की चपेट में आए कई लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मशरक के लखनपुर गोलंबर के नजदीक कर्ण कुदरिया गोपी टोला में बड़ा हादसा हो गया। सड़क किनारे दुकान तोड़ते हुए घर में कार घुस गई। गांव में हीरा राम के घर श्राद्ध भोज में शामिल डेढ़ दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।

श्राद्ध भोज में घुसी कार
श्राद्ध भोज में शामिल होने आए एक शख्स की मौके पर ही मौत हो गई। वाजितपुर (सिवान) से आए एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में सवार लोग राजापटी कोठी बाजार से मीट खरीदकर पानापुर के मुरलीमठ लौट रहे थे। मृतक शत्रुघ्न कुमार के शव के साथ लोगों ने उग्र प्रदर्शन किया। राम जानकी पथ पर टायर और पुआल जलाकर गुस्से का इजहार किया।

कई लोगों की हालत गंभीर
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रितेश कुमार मिश्रा दलबल के साथ पहुंचे। कार सवार को अपने कब्जे में लिया। इस दौरान पुलिस को ग्रामीणों के जबरदस्त विरोध का सामना करना पड़ा। गंभीर रूप से कई जख्मी लोग सीमावर्ती आसपास के निजी क्लीनिक में इलाज करा रहे हैं। जबकि कुंती देवी, लालपति देवी, लालती देवी, दीपमाला कुमारी, अंजली कुमारी, पूजा कुमारी, निर्मला देवी को मशरक सामुदायिक स्वास्थ केंद्र में भर्ती कराया गया है।

शराब के नशे में थे कार सवार!
ग्रामीणों के अनुसार कार चालक सहित अन्य शराब के नशे में थे। हालांकि पुलिस ने कहा है कि शराब पीने के मामले की जांच के बाद ही पुष्टि हो पाएगी।

Share This Article