अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, गुस्साए लोगों ने पुलिस बल पर किया हमला

PR Desk
By PR Desk

भोजपुरः भोजपुर जिले के चांदी थाना क्षेत्र के चांदी बाजार के समीप अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार उपमुखिया पति को रौंद दिया। इस हादसे में उपमुखिया पति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मृतक चांदी थाना क्षेत्र के नरही गांव निवासी देवनंदन सिंह के 55 वर्षीय पुत्र हरेंद्र सिंह हैं, जो सकड्डी पंचायत की उप मुखिया शोभा देवी के पति हैं।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा। जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने आरा-नासरीगंज मार्ग को आगजनी कर जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने ट्रक में आग लगाने की कोशिश की। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंची। जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर पथराव करना शुरू कर दिया। वहीं पथराव के दौरान चांदी और कोईलवर थानाध्यक्ष सहित कई पुलिसकर्मी जख्मी हो गये।

बताया जा रहा है कि कोईलवर थाना प्रभारी को सिर में गम्भीर चोट आयी है। पथराव के दौरान ही ग्रामीणों ने पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही आरा सदर एसडीपीओ पंकज कुमार रावत घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम को हटवाया। उन्होंने कहा कि आगजनी कर जो सड़क को जाम किया गया है और पुलिस पर पथराव किया गया है। वहीं पुलिस ने कहा कि इस मामले में जो कानूनी उचित कार्रवाई होगी।

भोजपुर से विकास सिंह की रिपोर्ट

Share This Article