NEWS PR डेस्क: पटना। अंडर-19 क्रिकेट विश्वकप 2026 में शानदार प्रदर्शन कर बिहार और देश का नाम रोशन करने वाले युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने उन्हें 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में आयोजित समारोह में 50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री श्रेयसी सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
महज 14 वर्ष की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 विश्व कप फाइनल में 175 रन की विस्फोटक पारी खेलकर क्रिकेट जगत को चौंका दिया। हरारे में खेले गए मुकाबले में उनके चौकों-छक्कों की बरसात की बदौलत भारत ने 411 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में इंग्लैंड लक्ष्य से काफी पीछे रह गया और भारत ने खिताब अपने नाम कर लिया। पूरे टूर्नामेंट में सबसे अधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी वैभव के नाम रहा।
राज्य की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहना है कि बिहार अब केवल प्रतिभा नहीं देगा, बल्कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच भी उपलब्ध कराएगा। उन्होंने घोषणा की कि पटना का मोइनुल हक स्टेडियम और राजगीर का अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स जल्द ही अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की मेजबानी के लिए तैयार होंगे।
सरकार का लक्ष्य बिहार को क्रिकेट के साथ-साथ ओलंपिक खेलों का भी बड़ा केंद्र बनाना है।