केंद्रीय आयुष मंत्री ने किया योग महोत्सव-2026 का शुभारंभ, एनसीडी मरीजों के लिए 10 नए योग प्रोटोकॉल जारी

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के 12वें संस्करण की तैयारियों की औपचारिक शुरुआत शनिवार को योग महोत्सव–2026 के साथ हुई। आयुष मंत्रालय के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में इसका उद्घाटन किया। यह आयोजन अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए 100 दिनों की उलटी गिनती की शुरुआत का प्रतीक है।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने विभिन्न आयु वर्ग और स्वास्थ्य स्थितियों को ध्यान में रखते हुए तैयार किए गए गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) और लक्षित समूहों के लिए 10 नए योग प्रोटोकॉल का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि योग केवल एक जीवनशैली नहीं बल्कि मानसिक स्पष्टता, शारीरिक स्वास्थ्य और भावनात्मक संतुलन प्रदान करने वाला एक शक्तिशाली अनुशासन है।

अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पिछले 11 वर्षों में एक वैश्विक स्वास्थ्य उत्सव के रूप में विकसित हुआ है। उन्होंने कहा कि योग के लाभों ने महामारी जैसे कठिन समय में भी लोगों को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के दौरान “हवाई यात्रा के लिए योग” नामक एक विशेष प्रोटोकॉल भी लॉन्च किया गया। इसमें पांच मिनट का संक्षिप्त कार्यक्रम शामिल है, जिसमें बैठकर किए जाने वाले योगासन, श्वास अभ्यास और ध्यान शामिल हैं। इसका उद्देश्य हवाई यात्रा के दौरान तनाव कम करना, रक्त संचार में सुधार करना और मानसिक शांति प्रदान करना है।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियों के तहत मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान (एमडीएनआईवाई) ने “योगा 365” अभियान के अंतर्गत हैबिल्ड के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस पहल के तहत लोगों को प्रतिदिन निःशुल्क ऑनलाइन योग सत्र उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जा सके।

आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने बताया कि योग की पहुंच बढ़ाने के लिए मंत्रालय ने आयुष ग्रिड के माध्यम से एआई आधारित एक डिजिटल उपकरण विकसित किया है, जो योगाभ्यास के दौरान साधकों को उनकी मुद्रा सही करने में मार्गदर्शन करेगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में 26 करोड़ से अधिक लोगों की भागीदारी ने इसकी बढ़ती वैश्विक लोकप्रियता को दर्शाया है।

मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान में सुबह कॉमन योगा प्रोटोकॉल के लाइव प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसमें एक हजार से अधिक योग प्रेमियों ने हिस्सा लिया। दिनभर चले योग महोत्सव में वृद्धजनों के लिए योग, योग उद्यमिता और योग व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर तीन तकनीकी सत्र भी आयोजित किए गए।

योग महोत्सव–2026 में योग गुरु, वैज्ञानिक, नीति निर्माता, कॉर्पोरेट प्रतिनिधि और योग अभ्यासकर्ताओं सहित करीब 1500 प्रतिभागियों ने भाग लिया। आयुष मंत्रालय ने इस अवसर पर योग के वैश्विक प्रसार और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के अपने संकल्प को दोहराया।

Share This Article