NEWS PR डेस्क : कहावत है— जोड़ियां ऊपर वाला बनाता है। उत्तर प्रदेश के हापुड़ के धौलाना में हुई एक शादी ने इस कहावत को सच साबित कर दिया। यहां 3 फीट के दूल्हे विजय और 2 फीट 7 इंच की दुल्हन चाऊल ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लेकर नई जिंदगी की शुरुआत की।
यह विवाह इसलिए खास बन गया क्योंकि दोनों की लंबाई सामान्य से काफी कम है, लेकिन उनके हौसले और एक-दूसरे के प्रति प्रेम ने हर कमी को छोटा कर दिया। शादी समारोह में मौजूद मेहमान इस जोड़ी को देखकर हैरान भी थे और भावुक भी।
परिजनों के अनुसार, कम लंबाई के कारण दोनों परिवारों को लंबे समय तक रिश्ता तलाशने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दुल्हन के भाइयों नरेंद्र प्रजापति और धर्मेंद्र प्रजापति ने बताया कि कई वर्षों तक उपयुक्त वर की तलाश जारी रही। आखिरकार साल 2025 में एक रिश्तेदार के माध्यम से मोदीनगर के भूपेंद्र पुरी निवासी यशपाल सिंह प्रजापति के 22 वर्षीय बेटे विजय का प्रस्ताव आया। दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से 5 जनवरी 2025 को रिश्ता पक्का कर दिया।
शादी की तैयारियां चल ही रही थीं कि 6 मार्च 2025 को दुल्हन के पिता सत्यपाल सिंह प्रजापति का अचानक हृदयगति रुकने से निधन हो गया। यह परिवार के लिए गहरा आघात था। बावजूद इसके, परिवार ने हिम्मत नहीं हारी। बड़े भाई संगीत उर्फ टीटू ने पिता की भूमिका निभाते हुए पूरे सम्मान के साथ बहन का कन्यादान किया।
विवाह समारोह में ग्रामीणों और रिश्तेदारों की बड़ी संख्या मौजूद रही। जैसे ही इस अनोखी शादी की खबर फैली, आसपास के लोग भी इसे देखने पहुंच गए। सभी ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद भविष्य की कामना की।
यह शादी अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है। विजय और चाऊल की कहानी एक बार फिर यह संदेश देती है कि रिश्तों की नींव कद या रूप पर नहीं, बल्कि विश्वास और प्रेम पर टिकी होती है।