NEWS PR डेस्क :पटना: बिहार की राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ से मारपीट और चाकूबाजी की बड़ी घटना सामने आई है। मूर्ति विसर्जन के दौरान शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि पुराने विवाद को लेकर दबंगों ने एक दलित परिवार के घर में घुसकर लाठी-डंडों और चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में परिवार के 12 लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों का इलाज एम्स में चल रहा है।
पुराने विवाद में घर में घुसकर हमला करने का आरोप
जानकारी के अनुसार, घटना फुलवारी शरीफ के इशोपुर पुलिस चौकी के पास की है। आरोप है कि संजय यादव और उसके परिवार के करीब 25 लोग रामकुमार चौधरी के घर पहुंचे और परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। इस दौरान कई लोगों के साथ मारपीट और चाकूबाजी किए जाने का आरोप है। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत मूर्ति विसर्जन के दौरान हुई थी, लेकिन इसके पीछे पुराना विवाद भी वजह बताया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
12 लोग घायल, दो की हालत गंभीर
इस हमले में रामकुमार चौधरी और पंकज कुमार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों में अमन, रिया कुमारी, बहादुर चौधरी, लालमुनी देवी, पंकज चौधरी, अंकित, आरती देवी, अजय चौधरी, दीपक और अनिल शामिल हैं। घटना का वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि और घटना के पूरे क्रम की जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिसकर्मियों पर भी हमले का आरोप
घटना इशोपुर पुलिस चौकी के पास हुई। इस दौरान मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों पर भी हमला किए जाने की जानकारी सामने आई है। स्थिति बिगड़ने के बाद अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाया गया, जिसके बाद हालात पर काबू पाया गया।
दो हिरासत में, अन्य आरोपियों की तलाश
पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और विवाद के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल, पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट
पटना में मूर्ति विसर्जन के बाद बवाल! दलित परिवार के 12 लोग घायल, दो की हालत गंभीर