NEWS PR डेस्क: भागलपुर, 07 जून। भागलपुर और आसपास के जिलों के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लंबे इंतजार और करीब एक महीने की परेशानी के बाद विक्रमशिला सेतु पर एक बार फिर वाहनों का परिचालन शुरू हो गया है। सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत के लिए बनाए गए बेली ब्रिज का उद्घाटन होने के साथ ही आवागमन बहाल कर दिया गया।
विक्रमशिला सेतु के एक हिस्से में तकनीकी खराबी आने के बाद यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया था। इससे भागलपुर, कटिहार, पूर्णिया, मधेपुरा और कोसी-सीमांचल क्षेत्र के लाखों लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हुई थीं और लोगों को लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ रहा था।
स्थिति को सामान्य करने के लिए बॉर्डर रोड संगठन (बीआरओ) ने युद्धस्तर पर कार्य करते हुए क्षतिग्रस्त हिस्से पर बेली ब्रिज का निर्माण कराया। दिन-रात की मेहनत के बाद निर्माण कार्य पूरा होने पर बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेन्द्र ने सोमवार को बेली ब्रिज का उद्घाटन किया।

उद्घाटन समारोह के दौरान मंत्री ने बेली ब्रिज निर्माण कार्य में योगदान देने वाले बीआरओ के अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में बीआरओ की टीम ने समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा कर लोगों को बड़ी राहत पहुंचाई है।
बेली ब्रिज के उद्घाटन के साथ ही विक्रमशिला सेतु पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई। लंबे समय बाद पुल के चालू होने से स्थानीय लोगों, यात्रियों और व्यापारियों में खुशी का माहौल देखा गया। लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए बड़ी राहत बताते हुए सरकार और निर्माण एजेंसियों के प्रयासों की सराहना की।
उद्घाटन समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी रही। पुल पर परिचालन शुरू होने से अब भागलपुर सहित कोसी और सीमांचल क्षेत्र के लोगों का सफर पहले की तरह सुगम हो सकेगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।