भीषण गर्मी और बढ़ती आगजनी की घटनाओं के बीच भागलपुर में चलाया गया 7 दिवसीय अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान आज विधिवत रूप से संपन्न हो गया। इस अभियान के जरिए जिलेभर में हजारों लोगों को आग से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय सिखाए गए।
सही निर्णय लेना बेहद जरूरी
यह अभियान जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और औद्योगिक संस्थानों में बड़े पैमाने पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान लोगों को आग लगने की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। डिवीजनल कमांडेंट सह जिला अग्निशमन पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य आगजनी की घटनाओं में होने वाले जान-माल के नुकसान को कम करना है। उन्होंने कहा कि आग लगने के शुरुआती समय में सही निर्णय लेना बेहद जरूरी होता है।
मॉक ड्रिल और गतिविधियां
अभियान के तहत कई जगहों पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई, जिससे लोगों को वास्तविक परिस्थितियों में खुद को सुरक्षित रखने का अभ्यास कराया गया। इसके अलावा जागरूकता बढ़ाने के लिए वॉल पेंटिंग,निबंध प्रतियोगिता,क्विज प्रतियोगिता,जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
बच्चों पर खास फोकस
स्कूलों में बच्चों को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया, ताकि वे न केवल खुद सुरक्षित रह सकें बल्कि अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक कर सकें। समापन अवसर पर अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे सतर्क रहें और आग से बचाव के उपायों को अपने दैनिक जीवन में अपनाएं। साथ ही यह भी भरोसा दिलाया गया कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे।
भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
भागलपुर में 7 दिवसीय अग्नि सुरक्षा अभियान का समापन, हजारों लोगों को किया गया जागरूक
Vigilance is safety: 7-day campaign spreads fire safety message