बालू खनन को लेकर सदन में मचा बवाल, कांग्रेस विधायक के आरोपों पर जमकर बरसे विजय सिन्हा

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन सदन में प्रश्नकाल के दौरान अवैध खनन का मुद्दा जोर-शोर से उठा। बालू खनन को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। कांग्रेस विधायक मनोहर प्रसाद सिंह ने सरकार पर अवैध खनन को लेकर गंभीर आरोप लगाए।

कांग्रेस विधायक ने कहा कि राज्य में धड़ल्ले से अवैध बालू खनन हो रहा है। सरकार अवैध खनन रोकने के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के करीबी लोग ही अवैध खनन में संलिप्त हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

मनोहर प्रसाद सिंह ने मनिहारी थाना क्षेत्र का हवाला देते हुए कहा कि वहां अवैध खनन की शिकायतें मिलने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके जवाब में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने विपक्ष के सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।

विजय सिन्हा ने कहा कि सूचना मिलते ही खनन विभाग की ओर से छापेमारी की गई और मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विधायक द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर भी आगे आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर बनी नई खनन नीति का असर पूरे बिहार में दिख रहा है। उन्होंने दावा किया कि बिहार देश का पहला ऐसा राज्य है, जहां ओवरलोडिंग लगभग पूरी तरह से समाप्त कर दी गई है। अवैध खनन पर भी लगातार कार्रवाई की जा रही है।

विजय सिन्हा ने बताया कि अब अवैध खनन ट्रकों की बजाय ट्रैक्टरों के जरिए किया जा रहा है, जिन पर भी सख्ती से कार्रवाई हो रही है। कई थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी की जा रही है और बड़ी संख्या में वाहन पकड़े जा रहे हैं।

उन्होंने जनता और विधायकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि अगर कहीं अवैध खनन होता दिखे तो उसका वीडियो बनाकर कंट्रोल रूम में भेजें। ट्रक का वीडियो भेजने पर 10 हजार रुपये और ट्रैक्टर का वीडियो भेजने पर 5 हजार रुपये का इनाम भी दिया जा रहा है। सरकार पूरी ताकत के साथ अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।

Share This Article