गांव की लड़की के साथ छेड़खानी का विरोध करने पर घर को पेट्रोल डालकर फूंक दिया

Patna Desk

NEWSPRडेस्क। सासाराम से बड़ी खबर आ रही है जहां गांव की एक लड़की के साथ छेड़खानी का विरोध करने पर एक किसान का घर पेट्रोल डालकर फूंक दिया गया। अपराधियों की करतूत से किसान का पूरा परिवार सदमे में है। बता दें कि यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धनकढ़ा गांव की है। पीड़ितों ने पुलिस से इसकी शिकायत की है।

ये है पुरा मामला

गांव के किसान दशरथ राम के पूत्र संजय राम ने बताया कि मंगलवार की शाम को गांव की एक लड़की घर की ओर लौट रही थी। गांव के बाहर कुछ मनचले लड़के उसके साथ बदतमीजी कर रहे थे। इसे देखने के बाद उसने विरोध किया था। उस समय तो मनचले लड़के वहां से फरार हो गए लेकिन रात को गांव में आए और बहाना
बनाकर धमकाने लगे कि तुम लोगों ने बेवजह हम लोगों को गाली दिया है। गाली देने का झूठा बहाना बनाकर लड़की को छेड़ने वाले लफंगे ने उसे धमकी भी दी थी। रात को सभी लोग खाना पीना खाकर सो गए। तब देर रात दशरथ राम के घर में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई।

घर का सारा सामान जलकर हो गया राख

आग की तपिश से नींद खुली तो पूरा परिवार घर के बाहर निकला और जान बचाई ग्रामीणों द्वारा आग को बुझाने की कोशिश की गई। बारिश शुरू हो गई तो आग पर काबू पा लिया गया लेकिन घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। बता दें कि इधर पीड़िता ने जानकारी दी है कि गांव के रुदल और तेजदीप नामक युवकों ने छेड़खानी की थी। साथ हीं ग्रामीणों का आरोप है कि ये लोग शराब पीते हैं और अक्सर आने जाने वाली महिलाओं और लड़कियों के साथ छेड़खानी करते हैं। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत मुफस्सिल थाना प्रभारी की है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज राय ने बताया है कि पुलिस को घटना की जानकारी मिली है लेकिन पीड़ित परिवार ने अभी लिखित शिकायत नही किया है। पदाधिकारी को तथ्य का पता लगाने के लिए गांव भेजा गया है। इसके बाद ही कार्यवाहीं की जाएगी।

Share This Article