गया में पैक्स चुनाव के दौरान हिंसा, मतदान केंद्र पर मारपीट में तीन घायल

पैक्स चुनाव के दौरान बवाल, मारपीट के बाद मतदान केंद्र पर मची अफरा-तफरी

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

गया जिले के शेरघाटी प्रखंड में पैक्स चुनाव के दौरान मतदान केंद्र पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट की इस घटना में तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद कुछ समय के लिए मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई, हालांकि प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से स्थिति पर जल्द ही नियंत्रण पा लिया गया।


मतदान केंद्र पर कहासुनी से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, शेरघाटी प्रखंड की चिताबकला पंचायत में पैक्स चुनाव के लिए मतदान चल रहा था। मतदाता कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान कथित हेराफेरी को लेकर दो पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। मतदान केंद्र के आसपास मौजूद लोगों में भी कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मारपीट में तीन लोग घायल
घटना में रणविजय प्रसाद यादव, उनके पुत्र पुरुषोत्तम कुमार और मौजमा गांव निवासी अभय कुमार घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए शेरघाटी अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, रणविजय प्रसाद यादव का इलाज जारी है, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →


ग्रामीणों ने प्रशासन पर लगाए आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि मतदान केंद्र पर तनाव की स्थिति की जानकारी पहले ही प्रशासन को दी गई थी। इसके बावजूद समय रहते पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए, जिसके कारण विवाद बढ़कर मारपीट तक पहुंच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। शेरघाटी अनुमंडल पदाधिकारी ने मतदान केंद्र का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।
अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती
किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए मतदान केंद्र और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और विवाद के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और चुनाव प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है। गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article