खगड़िया-पूर्णिया राष्ट्रीय राजमार्ग होगा फोरलेन, केंद्र सरकार ने 3,936 करोड़ रुपये की परियोजना को दी मंजूरी, मुख्यमंत्री ने जताया प्रधानमंत्री का आभार

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 03 जून। बिहार में सड़क अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्ग-31 और राष्ट्रीय राजमार्ग-231 के खगड़िया–पूर्णिया खंड को चार लेन में अपग्रेड करने की परियोजना को मंजूरी दे दी है।

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (CCEA) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को स्वीकृति प्रदान की। 143.529 किलोमीटर लंबी इस परियोजना पर कुल 3,936.05 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और इसे बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर (BOT) मॉडल पर विकसित किया जाएगा।

इस फैसले पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए इसे बिहार के विकास को नई गति देने वाला ऐतिहासिक निर्णय बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को लगातार केंद्र सरकार का सहयोग मिल रहा है और राज्य में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि खगड़िया–पूर्णिया खंड को चार लेन में विकसित किए जाने से कोसी और सीमांचल क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी तथा सड़क परिवहन पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुरक्षित बनेगा।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्रीय आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा और माल एवं यात्री परिवहन की रफ्तार बढ़ेगी। बेहतर सड़क संपर्क से व्यापार, कृषि, उद्योग और पर्यटन गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र में नए रोजगार अवसर सृजित होंगे और बिहार के विभिन्न हिस्सों के बीच संपर्क और अधिक बेहतर होगा।

Share This Article