NEWS PR डेस्क: विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने ईरान में वर्तमान हालात और हालिया घटनाक्रम को चिंताजनक बताते हुए कहा कि युद्ध किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी भी संप्रभु राष्ट्र के शीर्ष नेतृत्व पर हुआ हमला न केवल निंदनीय है, बल्कि वैश्विक शांति और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए भी गंभीर खतरा है।
ऐसे समय में संयम, संवाद और कूटनीतिक समाधान ही एकमात्र रास्ता होना चाहिए
बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने ईरान में फंसे भारतीयों, खासकर बिहार के लोगों के सकुशल स्वदेश वापसी की बात करते हुए कहा कि इस संकट की घड़ी में ईरान में रह रहे सभी भारतीय नागरिकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से आग्रह किया है कि वहां फंसे भारतीयों की सुरक्षित और शीघ्र स्वदेश वापसी सुनिश्चित करने के लिए तत्काल, ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि बिहार के कई ऐसे लोग हैं जो ईरान में रहकर अपना काम करते हैं। आज की स्थिति में उनके परिजन परेशान हैं।
उन्होंने बिहार सरकार से ऐसे लोगों के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी करने का आग्रह किया है, जिससे खाड़ी देशों में फंसे प्रवासी बिहार के लोगों की परेशानी कम हो सके और उनकी जानकारी उनके परिजनों को मिल सके।